माधौगढ़-उरई। जालौन जनपद के माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रामपुरा बस स्टैंड स्थित भैरव बाबा मंदिर के सामने बालू उतार रहा एक डंपर हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद डंपर में भीषण आग लग गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक बालू खाली कर रहा था। इसी दौरान डंपर की ट्रॉली ऊपर उठते ही वह ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गई। टक्कर होते ही तेज धमाके और चिंगारियों के साथ डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
गनीमत रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए डंपर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को दूर हटाते हुए सड़क पर आवागमन रोक दिया। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक डंपर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। बताया जा रहा है कि हादसे में चालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई। यह हादसा माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के रामपुरा बस स्टैंड स्थित भैरव बाबा मंदिर के सामने हुआ।





Leave a comment