उरई/बंगरा। बंगरा कस्बे में शनिवार रात दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों को जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। समय पर सही इलाज न मिलने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का उपचार झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बंगरा निवासी ललन्जू परिहार के यहां अगले महीने 19 तारीख को बेटी की शादी है। शादी समारोह में शामिल होने मध्य प्रदेश के रौन से रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था। इन्हीं में ललन्जू की भतीजी का पुत्र पुनीत (22) भी आया हुआ था।

शनिवार रात बिजली गुल होने और भीषण गर्मी के कारण पुनीत, अंशुल पुत्र कल्याण सिंह परिहार (23) तथा सुमित पुत्र रविंद्र उर्फ धुप्पे (19) छत पर सोने चले गए। देर रात एक जहरीला कोबरा छत पर पहुंच गया और बिस्तर पर सो रहे अंशुल को डस लिया। जब तक युवक कुछ समझ पाते, सांप ने सुमित और पुनीत को भी काट लिया।

अचानक चीख-पुकार मचने पर अंशुल ने हिम्मत दिखाते हुए कोबरा को मार डाला, लेकिन तब तक तीनों युवक जहर की चपेट में आ चुके थे। घबराए परिजन पहले तीनों को झाड़-फूंक के लिए ग्राम डीहा ले गए, लेकिन वहां से मना कर दिए जाने पर आनन-फानन में उरई जिला अस्पताल पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध न होने की बात कहकर तीनों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज शुरू होने तक काफी देर हो चुकी थी और उपचार के दौरान अंशुल की मौत हो गई, जबकि सुमित और पुनीत की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और चिंता का माहौल पसरा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों द्वारा अंशुल को मृत बताए जाने के बाद भी परिजन इस बात को मानने को तैयार नहीं हुए और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराए बिना ही शव को किसी बाबा के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए। इसी कारण देर रात तक युवक की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

Leave a comment