उरई। आगामी गंगा दशहरा एवं ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित कर अधिकारियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और परंपराओं के सम्मान के प्रतीक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं बकरीद को लेकर चिन्हित स्थलों पर सफाई, पेयजल और बिजली की व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप सभी त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हों, इसके लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को पूर्व से ही नोडल अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट करने अथवा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा विद्युत, स्वास्थ्य, जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।




Leave a comment