फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान मेरी पहली प्राथमिकता : एसडीएम अमित खरे

कालपी-उरई। नवागत उप जिलाधिकारी अमित खरे ने कहा है कि तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका यथासंभव त्वरित निस्तारण कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाने और राजस्व कार्यों को पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।

सोमवार को तहसील परिसर स्थित कार्यालय में चार्ज ग्रहण करने के बाद एसडीएम अमित खरे ने तहसीलदार सहित समस्त स्टाफ से परिचय प्राप्त किया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ समय से कार्यों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

उप जिलाधिकारी अमित खरे ने बातचीत के दौरान बताया कि वह बिहार प्रांत के बेगूसराय जनपद के मूल निवासी हैं। वर्ष 2016 में नायब तहसीलदार पद पर नियुक्त होकर उन्हें पहली बार जनता की सेवा करने का अवसर मिला था। इसके बाद प्रोन्नति पाकर तहसीलदार बने और गोरखपुर, गाजीपुर, कुशीनगर तथा जालौन सहित कई जनपदों में कार्य किया।

उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उन्हें उप जिलाधिकारी पद पर प्रोन्नति मिली थी। माधौगढ़ तहसील में न्यायिक उप जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने न्यायिक मामलों में वादकारियों के हित में कार्य करने का प्रयास किया।

एसडीएम अमित खरे ने कहा कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें कालपी तहसील की जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि फरियादियों के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले रहेंगे और वह सदैव जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।

Leave a comment