नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धा, बाल संस्कार शाला के बच्चों ने मोहा मन

उरई। अखिल विश्व गायत्री परिवार जनपद जालौन द्वारा गायत्री शक्तिपीठ उरई में आयोजित चार दिवसीय “नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, युग संगीत एवं प्रज्ञा प्रवचन” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को विविध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुए।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 7 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक देव पूजन एवं नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ तीन पारियों में वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया। महायज्ञ में बड़ी संख्या में गायत्री साधकों, परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वातावरण को मंत्रमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।

अपराह्न 3 बजे से बाल संस्कार शाला के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि युग निर्माण योजना के यही नन्हें-मुन्ने भविष्य में समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बच्चों की प्रतिभा, संस्कार एवं आत्मविश्वास की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।

सायं 5 बजे से आयोजित युग संगीत एवं प्रज्ञा प्रवचन कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे टोली नायक श्रद्धेय श्री राम केवल बाबू जी ने अपने ओजस्वी एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से जीवन निर्माण, संस्कार संवर्धन एवं राष्ट्र जागरण का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम के दौरान भक्ति संगीत, सामूहिक साधना और आध्यात्मिक वातावरण से गायत्री शक्तिपीठ परिसर पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं व्यवस्था तंत्र का विशेष सहयोग रहा।

Leave a comment