विद्यालय की भूमि से अवैध बालू खनन का आरोप, कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

उरई। जनपद जालौन के कालपी तहसील क्षेत्र में बालू माफियाओं द्वारा विद्यालय की भूमि से अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बालू माफियाओं ने विद्यालय के खेत से अवैध रूप से बालू निकालकर बेच दी और शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले को लेकर 20 तारीख को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके अलावा उप जिलाधिकारी कालपी, थाना अध्यक्ष कदौरा तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

आरोप है कि शिकायत के बाद भी बालू माफिया दोबारा विद्यालय की भूमि पर पहुंच गए और चोरी-छिपे बालू निकालकर बेच दी। इतना ही नहीं, अब अवैध खनन के साक्ष्य मिटाने के लिए खाली हुए स्थानों पर मिट्टी डाली जा रही है, ताकि मामले को दबाया जा सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की भूमि पर हुए अवैध खनन की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध खनन से हुए नुकसान का आकलन कर सरकारी भूमि को सुरक्षित कराया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध खनन करने वालों के हौसले और बढ़ जाएंगे, जिससे सरकारी संपत्ति और पर्यावरण दोनों को भारी नुकसान पहुंचेगा।

Leave a comment