उरई (जालौन)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में अमन रॉयल, उरई में मणिकर्णिका युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में छात्राओं और युवतियों को शिक्षा, सामाजिक चेतना, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवतियों की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों को भी नई दिशा दी जा सकती है।

सम्मेलन की मुख्य वक्ता प्रांत छात्रा प्रमुख शिवराजे बुंदेला ने कहा कि युवतियां समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के साथ सामाजिक परिवर्तन की सशक्त वाहक भी हैं। उनकी प्रतिभा, विचारों और सक्रिय सहभागिता से जागरूक, सशक्त एवं संस्कारित समाज का निर्माण संभव है।

मुख्य अतिथि साक्षी महेश्वरी ने छात्राओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने तथा शिक्षा और संस्कारों के समन्वय से व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि अवंतिका तिवारी ने कहा कि युवतियों के आत्मनिर्भर और जागरूक बनने के साथ नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने से समाज और राष्ट्र की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

सम्मेलन में उपस्थित छात्राओं ने समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रांत राज्य विश्वविद्यालय संयोजक चित्रांशु सिंह, विभाग संगठन मंत्री सोमू, जिला संयोजक अमन पंडा, जिला छात्रा प्रमुख प्रतीक्षा, अमन बुधोलिया, विशाखा, सिद्धि तिवारी, कारणवीर, रामजी, जानवी और सैलजा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply