cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngजालौन-उरई। उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रीय ग्राम शेखपुर बुजुर्ग में जाकर वहां स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों को परखा। इसके अलावा उन्होंने गांव में जन चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उपजिलाधिकारी मोइन उल इस्लाम ने तहसील क्षेत्र के ग्राम शेखपुर बुजुर्ग में जाकर वहां कराए गए विकास कार्यों की हकीकत परखी। इसके उपरांत उन्होनें गांव में स्थित शहीद कर्नल सिंह ईश्वरी सिंह इंटर काॅलेज में जन चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक प्राथमिक विद्यालय, एक कन्या प्राथमिक विद्यालय एवं एक जूनियर हाईस्कूल संचालित है। तीनों विद्यालयों में मात्र एक-एक शिक्षिक तैनात है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि उक्त विद्यालयों में सभी छात्रों को ड्रेसें वितरित नहीं की गईं। जिस पर उन्होंने सभी छात्रों को ड्रेसें वितरित करने के निर्देश दिए। गांव में तीन आंगनबाड़ी केंद्र हैं, लेकिन एक भी केंद्र के पास स्वयं का भवन नहीं है। केंद्रों पर 100-100 बच्चे पंजीकृत हैं। तीनों केंद्रों पर 6 बच्चे कुपोषित लाल श्रेणी के पाए गए। जिस पर उन्होंने सभी बच्चों को नियमित पोषाहार तथा आवश्यकीय चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। केंद्र पर सहायिका की तैनाती न होने से बच्चों को केंद्र तक लाने में कठिनाइयों को सामना करने की बात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कही। इस दौरान ग्रामीणों को आम आदमी बीमा योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। वहीं, लेखपाल ने बताया कि गांव के 40 पात्र व्यक्तियों को आम आदमी बीमा योजना से आच्छादित करने हेतु आख्या तहसील कार्यालय भेजी जा चुकी है। गांव में निराश्रित विधवा पेंशन, समाजवादी पेंशन, विकलांग पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। गांव में 120 हैंडपंप हैं जिनमें चार हैंडपंप खराब पड़े हैं। उपजिलाधिकारी ने सभी खराब पड़े हैंडपों को दुरूस्त कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव में तीन जगहों पर नए हैंडपंप लगवाए जाने की भी मांग की गई। गांव में पानी की टंकी स्थापित है लेकिन पानी की लाइन टूटी होने के कारण गांव में पानी की आपूर्ति बाधित है। जिस पर उपजिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को सक्षम अधिकारी से जांच कराकर टंकी से पानी की आपूर्ति चालू कराए जाने के निर्देश दिए। वहीं गांव के मजरा दुबरा गांव में लगभग दो हजार की आबादी है। परंतु इस गांव में एक भी सफाई कर्मी तैनात न होने से गांव में सफाई व्यवस्था न होने की बात ग्रामीणों ने बताई। ग्रामीणों ने गांव में सफाई कर्मी की तैनाती की मांग की। इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सीसी रोड पर दबंगों द्वारा जानवर बांधे जाने से राहगीरों को निकलने में परेशानी उठानी पड़ती है। जिस पर उपजिलाधिकारी ने कुठौंद थानाध्यक्ष को इस समस्या के निस्तारण हेतु निर्देशित किया।

Leave a Reply