कालपी-उरई। घर में अकेली नाबालिग पुत्री को नकदी व जेवर समेत एक युवक अपहरण कर ले गया। इस मामले की शिकायत नाबालिग के माता पिता ने कोतवाली में की।
कोतवाली के अंतर्गत कुरहना निवासी एक व्यक्ति ने दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को सुबह 10 बजे के आसपास अपनी पत्नी का इलाज करवाने उदनपुरा गया था। घर पर अपने नाबालिग पुत्री के हवाले छोड़ गये थे। जब वह वापस लौटे तो घर के दरवाजे खुले मिले और बख्शे का ताला टूटा पड़ा था। जिसमें से 20 हजार रुपए की नकदी सहित सोने चांदी के जेवर समेत पुत्री गायब थी। जब पुत्री के विषय में आसपास के लोगों से पूछा गया तो पुत्री का कहीं पता नहीं चला। उसकी पुत्री को दिरावटी का एक युवक जेवर व नगदी समेत बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदेहास्पद है जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
नवजात शिशु गायब, आक्रोशित परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया
कालपी-उरई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आयी महिला का नवजात शिशु गायब हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
कोतवाली के अंतर्गत देवकली गांव के कई ग्रामीणों ने कोतवाली में दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि सुघरकली पत्नी रामसेवक को 18 मई को गांव में ही पुत्र का जन्म हुआ था। प्रसव के पश्चात महिला की हालत बिगड़ गयी। जिस पर गांव की आशा बहू जच्चा और बच्चा को टेंपो में लेकर इलाज हेतु सीएचसी पहुंचे। जहां पर मौजूद स्टाफ नर्स द्वारा उसका इलाज किया गया। इस दौरान महिला मरीज का बच्चा रहस्मय ढंग से गायब कर दिया गया। वहीं ग्रामीण लाल बहादुर, अजय कुमार, कल्लू, अंकित, सुरेश, प्रहलाद, रामनारायण आदि लोगों ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के ऊपर बच्चा गायब करने का आरोप लगाया। जिसके बाद कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने जब स्टाफ नर्स से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रसव के पश्चात गांव की आशा बहू महिला को अस्पताल लेकर आयी थी पर उसके साथ उसका नवजात शिशु नहीं था। जिसे इलाज के बाद घर जाने दिया गया था। इस सनसनीखेज मामले में बच्चे को कौन ले गया। जिसकी जांच में पुलिस जुटी है। फिलहाल आशा बहू को जब मौके पर बुलाया गया तो वह नहीं आयी।
आंधी में छज्जा टूटने से मां-बेटे की मौत
जालौन-उरई। शनिवार की शाम अचानक आई आंधी से जहां महिला की मौत हो गई थी। तो वहीं इलाज के लिए ग्वालियर जाते समय उसके घायल पुत्र ने भी दम तोड़ा। मां बेटे की मौत से पूरे गांव में मातम छाया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौरा कलां निवासी पिंकी देवी (35) पत्नी नंदराम साहू अपने 13 वर्षीय पुत्र अंशू के साथ शनिवार की शाम अपने घर के बाहर छज्जे के नीचे बैठी थीं। तभी सायं लगभग 6 बजे अचानक से आई तेज आंधी के चलते उसके मकान का छज्जा टूटकर गिर पड़ा। छज्जे के नीचे दबने से पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई थी। तो वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए को उसके परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए। जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर ले जाते समय गोहद के पास घायल अंशू ने भी दम तोड़ दिया। यह खबर जैसे ही गंाव वालों को लगी तो गांव में मातम छा गया।
कपड़ा टांगने के विवाद में युवक को धुना
जालौन-उरई। दीवार पर कपड़ा टांगने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने युवक को धुना। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली में तहरीर देते हुए की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर निवासी महेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी विधु पाल उसकी दीवार पर कपड़े टांग देता है। जब उसने मना किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए उसके सााि मारपीट कर दी। पीड़ि़त की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
चार माह बाद लिखा मुकदमा
जालौन-उरई। दबंगों द्वारा दलित दुकानदार से रूपए मांगने तथा न देने पर मां-बेटे की मारपीट करने का मुकदमा लगभग 4 माह बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खर्रा निवासी श्रीमती राजेश्वरी देवी ने पुलिस को बताया कि वह दलित जाति की महिला है। गत 11 जनवरी को उसका पुत्र अशोक दुकान पर बैठा था। तभी गांव का ही दबंग भानु यादव दुकान पर आया और पुत्र से सौ रूपए मांगने लगा। न देने पर वह जातिसूचक गालियां देने लगा। तभी उसके दो और साथी सीतम व जगत सिंह भी वहां आ गए। इसके बाद उक्त तीनों एक राय होकर उसके पुत्र के साथ मारपीट करने लगे। जब वह बचाने पहुंची तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। वहीं, कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुंह मांगा दहेज न मिलने से नाराज ससुरालियों पर बहू को गायब कर देने का आरोप
जालौन-उरई। दहेज की मांग को लेकर पुत्री को प्रताड़ित किए जाने तथा ससुरालियों द्वारा लगभग एक सप्ताह से पुत्री को गायब करने की शिकायत पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देते हुए की।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शिंदे की छावनी थाना क्षेत्र निवासी कुंवर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पुत्री अनुराधा की शादी फरवरी 2013 में कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला चिमनदुबे निवासी रविंद्र कुमार पुत्र आशाराम के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालीजन उससे 50 हजार रूपए और लाने की मांग करते हुए लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। जिसके चलते कुछ माह पूर्व उन्होंने अपनी बेटी को वापस बुला लिया था। जिसके बाद ग्वालियर में ऐच्छिक ब्यूरो के माध्यम से समझौता होने पर उन्होंने अपनी बेटी को दामाद के साथ पुनः ससुराल भेज दिया था। परंतु लगभग एक सप्ताह से जब बेटी से उनकी बात नहीं हुई। तो उन्होंने ससुराल आकर पता किया तो उसके ससुरालियों ने बताया कि उनकी बेटी यहां नहीं है। जब ज्यादा पूछतांछ की तो वह लोग गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित पिता ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस से उसकी पुत्री की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
एसडीएम ने परखा सहाव का विकास
जालौन-उरई। उपजिलाधिकारी ने गांव सहाव में स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों को परखा। इतना ही नहीं निरीक्षण के बाद उन्होंने जनचैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा उनके निस्तारण के भी निर्देश दिए। इसके अलावा सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। तो वहीं, ग्रामीणों ने गांव में सफाई व्यवस्था तथा कोटेदार द्वारा खाद्यान्न वितरण में धांधली की शिकायत उपजिलाधिकारी से की।
उपजिलाधिकारी मोइन उल इस्लाम ने क्षेत्रीय ग्राम सहाव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, कन्या प्राथमिक विद्यालय तथा जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण किया जहां सभी व्यवस्थाऐं दुरूस्त मिली। इसके बाद वह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। जहां सभी कार्यकत्रियां उपस्थित मिली। निरीक्षण के दौरान गांव की सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर उन्होंने सफाई कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के उपरांत प्राथमिक विद्यालय में जन चैपाल लगाई गई। जिसमें उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे लगभग एक दर्जन हैंडपंप खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए जिन्हें दुरूस्त कराया जाना आवश्यक है। लेखपाल ने बताया कि गांव में 55 पात्र व्यक्तियों को आम आदमी बीमा योजना से बीमित किया गया है। इसके अलावा गांव के पात्र व्यक्तियों को समाजवादी पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया गांव में संतोष कुमार व रविंद्र दीक्षित दो उचित दर विके्रता हैं। जिनमें से ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि उक्त रविंद्र दीक्षित राशन वितरण में घटतौली करते हैं साथ ही शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद्यान्न वितरण करते हैं। जिस पर उपजिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त कोटेदार की जांच कराई जाए और यदि राशन वितरण में अनियमितता की जा रही हो तो एक सप्ताह के अंदर उसके खिलाफ कार्यवाही कर आख्या प्रेषित करें। इसके अतिरिक्त अन्य समस्याओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।







Leave a Reply