उरई। प्रदेश के ग्राम विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप ने दावा किया है कि मनरेगा के तहत मजदूरों को सबसे ज्यादा काम पूरे देश में उत्तर प्रदेश के अंदर किया गया है। उन्होंने अपने भाषण में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कार्यशैली की तारीफ के जमकर कसीदे काढे़। वे प्रदेश में लागू की गई जनकल्याणकारी योजानाओं की सूची गिनाते हुए बोले कि देश में किसी मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से ज्यादा काम आज तक नही किया है।
अरविंद सिंह गोप जायसवाल रायल में पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन परमार्थ समाज सेवी संस्थान ने विकास विभाग के सहयोग से किया था। इस अवसर पर जल संरक्षण को लेकर उल्लेखनीय योगदान करने वाले ग्राम प्रधानों और नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के गुरु रोपण तालाब का जीर्णोद्धार करा रहे अमित द्विवेदी इतिहास का सम्मान खास तौर से उल्लेखनीय है। इसके पहले जिलाधिकारी संदीप कौर ने प्रशासन द्वारा जनपद में भीषण सूखे के बीच पेयजल और मवेशियों को पानी पिलाने की सुचारू व्यवस्था के लिए किये गये इंतजामों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अरविंद सिंह गोप ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर परमार्थ के सचिव संजय सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय बुंदेलखंड सूखे के संकट से जूझ रहा है जिसके लिए प्रदेश सरकार के साथ-साथ आम लोगों को भी आगे आना होगा। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण इस समय बहुत जरूरी है। सभी को आपदा के वर्तमान दौर में इसके लिए योगदान करना चाहिए। संचालन शिक्षक नेता युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। सदर विधायक दयाशंकर वर्मा के अध्यक्षीय भाषण के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।







Leave a Reply