0 कोतवाली क्षेत्र में ऐसे चार दर्जन लोग चिन्हित हैं
कोंच-उरई। जिले में बढते अपराधों से चिंतित एसपी ने थानों को और अधिक सक्रिय करने की दिशा में आदेशित किया है जिसके तहत अब ऐसे पुराने अपराधी जिन्हें पांच साल पहले किसी घटना या घटनाओं में नामजद किया गया हो, अब पुलिस के राडार पर रहेंगे। इसके लिये बाकायदा ही आज से अभियान शुरू किया गया है और कोतवाली पुलिस ने ऐसे लोगों की पड़ताल भी शुरू कर दी है। इस अभियान की खास बात यह है कि उन्हें भी पुलिस की नजरों से गुजरना पड़ेगा जो मुकदमों में बरी भी हो गये हैं। कोतवाली क्षेत्र में ऐसे चार दर्जन लोग चिन्हित किये गये हैं।
एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने पुलिसिंग में बदलाव लाने और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उन पर शिकंजा कसने के लिये सभी थानों को खास निर्देश दिये हैं। इन निर्देशों में थाना प्रभारियों को ज्यादा जबाबदेह बनाने की कोशिश की गई है। एसपी के निर्देशों का लब्बोलुआब यह है कि नये अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ उन अपराधियों जो हत्या, लूट, बलात्कार, चोरी, डकैती जैसे हीनियस क्राइम से बाबस्ता रहे हों, को भी नजर में रखें जिन्होंने पांच साल पहले कोई अपराध किया हो। इसमें उन लोगों को भी शामिल किया गया है जो मुकदमों से बरी भी हो गये हैं। पुलिस ऐसे लोगों की पूरी जन्मकुंडली बनायेगी और मौजूदा में उनकी क्या गतिविधियां हैं, पर भी संजीदगी से नजर रखी जायेगी। कोंच कोतवाली में ऐसे 48 लोगों की सूची बनाई गई है और कोतवाली क्षेत्र को चार हलकों में बांट कर इलका इंचार्जों को अभियान में लगाया गया है। हलका एक में सागर चैकी इंचार्ज रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी को 16, हलका दो में सुरही चैकी इंचार्ज दिनेश यादव को 15, हलका तीन में मंडी चैकी इंचार्ज उदयपाल सिंह को 5 तथा हलका चार में दरोगा राजेन्द्रप्रसाद दुवे को 12 पुराने अपराधियों को राडार पर लेने के लिये कोतवाल मनवीर सिंह ने निर्देशित किया है। हालांकि जो सूची जारी की गई है उनमें कुछ की मौत भी हो चुकी है।







Leave a Reply