0 मौत को आमंत्रण दे रहे हैं सड़क किनारे खुले गड्ढे
कोंच-उरई। आज दोपहर सड़क किनारे लीकेज ठीक करने के लिये गड्ढा खोद कर उसमें काम कर रहा मजदूर उस वक्त बाल बाल बचा जब ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर असंतुलित होकर गड्ढे में चला गया। वह तो अच्छा हुआ कि मजदूर चैकन्ना था और वह भांप गया कि ट्रैक्टर गड्ढे में जायेगा और समय रहते वह निकल कर बाहर आ गया।
मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय मोहल्ला मालवीय नगर में जल संस्थान का एक मजदूर माताप्रसाद गड्ढा खोद कर लीकेज ठीक कर रहा था। इसी बीच वहां सड़क पर तेज गति से आ रहा ईंटों से भरा ट्रैक्टर असंतुलित होकर गड्ढे की ओर आया और मजदूर भांप गया कि यह सीधा गड्ढे का रुख कर रहा है, लिहाजा वह आनन फानन गड्ढे से जैसे ही बाहर आया, ट्रैक्टर का अगला पहिया सीधा गड्ढे में समा गया और एक बड़ा हादसा टल गया। यह तो हुई एक घटना, भगतसिंह नगर में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के आगे मेन रोड पर एक और बड़ा गड्ढा मौत को आमंत्रण दे रहा है। सप्ताह भर पूर्व एक इंडिका गाड़ी उसमें समा गई थी और एक बड़ा हादसा टल गया था। स्थानीय प्रशासन को ऐसी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिये अन्यथा किसी दिन बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।







Leave a Reply