उरई। समाज कल्याण निर्माण निगम ने अपना रिकार्ड बरकरार रखते हुए निर्वाचन कार्यालय की नई बिल्डिंग में भी कारस्तानी दिखा दी। जिसकी वजह से उदघाटन के पहले ही इस इमारत की छत टपकने लगी है जबकि तीन-चार दिन में ईवीएम मशीनें तमिलनाडु से लाकर यहां रखी जायेंगी। अगर मशीनों में पानी पड़ गया तो मशीनें खराब हो जायेंगीं। इस स्थिति के कारण डीएम के हाथ-पैर फूल गये हैं। उन्होंने समाज कल्याण निर्माण निगम के जेई पर अपना भरपूर गुस्सा उतारा। यह दूसरी बात है कि गैंडे से भी ज्यादा मोटी खाल के धनी जेई पर मैडम के बरसने का कोई खास असर नही पड़ा।
समाज कल्याण निर्माण निगम जैसी कार्यदायी संस्थायें शासन में बैठे अधिकारियों की इतनी चहेती हैं कि जिले की योजनाओं में सीधे उनको नामजद करके भेज दिया जाता है। जबकि यह संस्थायें घटिया कार्य का कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं। इन संस्थाओं को ब्लैक लिस्टिड किया गया लेकिन इसके बाद फिर इनको काम मिलना चालू हो गया।
निर्वाचन कार्यालय की नई बिल्डिंग को बनाने की जिम्मेदारी भी इस हुनर के बावजूद समाज कल्याण निर्माण निगम को सौंप दी गई। 91 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली इस इमारत को बनाने में निगम के अभियंता 81 लाख 90 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं। कार्यालय के अलावा इमारत के नक्शे में ईवीएम गोदाम भी शामिल है। गत् शनिवार को जिलाधिकारी संदीप कौर जब इसका निरीक्षण करने गई तो इसके नये बने दो हाॅल टपकते देखकर उनके गुस्से का ठिकाना नही रहा। उन्होनंे देखा कि इमारत में खिड़की और दरवाजे भी सही तरीके से नही लगाये गये हैं और न ही फिनिशिंग की गई है। जिलाधिकारी ने इसे लेकर आज निगम के अभियंताओं को तलब किया। तो उनके सामने जेई साहब को भेजा गया। यह जेई इतना वज्र था कि डीएम उसे लताड़ने में लगीं थी और वह कह रहा था कि मैम वकाया 9 लाख 10 हजार रुपये और दिलवा दो, सब ठीक करके बिल्डिंग हैंडओवर कर दी जायेगी।
अंत में डीएम को जब बहुत कोफ्त हुई तो उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम लेने बैल्लारी तमिलनाडु गई टीम लौटने तक हाॅल टपकने बंद नही हुए तो शासन को आपकी कार्यदायी संस्था ब्लैक लिस्ट करने का पत्र भिजवा दूंगी। साथ ही उन्होनें अपने स्टाॅफ को निर्देश दिये कि सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, जिला पंचायत व ब्लाॅकों को उनकी ओर से पत्र भेजकर समाज कल्याण निर्माण निगम से कोई कार्य न कराने की हिदायत जारी कर दी जाये।
गौरतलब है कि भूमि संरक्षण विभाग के जेई श्याम सिंह के नेतृत्व में एक टीम तमिलनाडु के बैल्लारी में भेजी गई है। जहां से उसे 2300 बैलेट पैनल और 1900 कंट्रोल पैनल लेकर आने हैं। यह टीम तीन-चार दिन में वापस आयेगी। विधानसभा चुनाव तक निर्वाचन कार्यालय की नई बिल्डिंग के गोदाम में इन मशीनों को डंप कर लिया जायेगा।
खिलाड़ी कार्यदायी संस्थायें
खिलाड़ी कही जाने वालीं समाज कल्याण निर्माण निगम की प्रजाति की ऐसे ही कारनामे करने वालीं अन्य प्रमुख संस्थाओं में जल निगम सीएनडीएस, राजकीय निर्माण निगम, श्रम संविदा निर्माण संघ, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट काॅर्पोरेशन भी शामिल हैं।







Leave a Reply