0 पालिका सहित स्थानीय प्रशासन की भी नजरें गड़ी हैं स्थिति पर
कोंच-उरई। वक्त बेवक्त कोंच की तबाही की इबारत लिखने बाले मलंगा नाले में फिलहाल बाढ आने की कोई संभावना निकट भविष्य में नहीं है। मौजूदा जानकारी के मुताबिक फिलवक्त करई बांध में इतना पानी नहीं है जिससे बाढ जैसे हालातों से दो चार होना पड़ जाये। पालिका प्रशासन के अलावा स्थानीय प्रशासन की भी इस पर नजरें गड़ी हैं कि इस तरह के हालात यदि बनते हैं तो पूर्व सूचना शहरियों तक पहुंचाई जा सके।
रविवार की देर शाम कोंच में तेजी के साथ यह अफवाह फैली थी कि मलंगा नाले के उद्गम स्थल करई बांध में तेजी से पानी का स्तर बढ रहा है। ऐसी स्थिति में किसी भी वक्त बेसी पानी को छोड़ा जा सकता है और कोंच तथा आसपास के इलाकों को बाढ की विभीषिका से जूझना पड़ सकता है। इस आशंका को लेकर लोग एक दूसरे से हालातों के बाबत जानकारियां जुटाने में लगे रहे। जब यह खबर पालिका प्रशासन के कानों तक पहुंची तो उसने इसे बिल्कुल निर्मूल करार देते हुए कोरी अफवाह बताया है। पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया का कहना है कि पालिका की इस पर नजरें टिकी हुई हैं और इस तरह की कोई बात यदि होगी तो पालिका शहरियों तक इसकी पूर्व सूचना अनाउंसमेंट के जरिए पहुंचा देगी। उन्होंने बताया है कि नहर विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश वर्मा से इस बारे में उनकी बात हो चुकी है, उनका कहना है कि फिलहाल बांध में अभी इतना पानी नहीं है कि व्यापक स्तर पर इसे छोड़े जाने की जरूरत हो। इधर, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। एसडीएम गोरेलाल शुक्ला ने कई प्वाइंट्स पर मलंगा में पानी के स्तर को चेक किया है।
गौरतलब है कि तीन बर्ष पूर्व कोंच के मलंगा नाले में आई भीषण बाढ ने कस्बे को चारों तरफ से घेर कर यहां विकट हालात बना दिये थे। कोंच उस वक्त टापू बन कर रह गया था और यहां से आवागमन पूरी तरह कई दिनों तक ठप रहा था। इस बाढ ने दो जिंदगियां भी लील ली थीं और सैकड़ों कच्चे घर जमींदोज हो गये थे। उस बाढ ने तवाही की ऐसी इबारत लिखी थी कि इलाकाई लोग महीनों इसकी काली छाया से उबर नहीं पाये थे। ऐसी स्थिति में मलंगा में बाढ की आशंका से लोगों का भयभीत होना स्वाभाविक है।
इंसेट में-
मलंगा की स्थिति को लेकर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया का कहना है कि पालिका की मलंगा पर न सिर्फ नजरें टिकी हुई हैं बल्कि पल पल की जानकारी नहर विभाग से की जा रही है,इस तरह की कोई बात यदि होगी तो पालिका नगर के लोगों तक इसकी सूचना सार्वजनिक घोषणा के जरिए पहुंचा देगी। उन्होंने बताया है कि नहर विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश वर्मा से इस बारे में उनकी बात हो चुकी है, उनका कहना है कि फिलहाल बांध में अभी इतना पानी नहीं है कि व्यापक स्तर पर इसे छोड़े जाने की जरूरत हो।







Leave a Reply