उरई। बुंदेलखंड में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित करने का मंसूबा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के लिए बबाले-जान बन गया है। यह बैठक पहले 16-17 जुलाई को झांसी में प्रस्तावित थी लेकिन शीला दीक्षित को कांग्रेस द्वारा प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट किये जाने के बाद अपनी ब्राहमण जागीर में सेंध के खतरे से सकते में आई भाजपा ने इसे स्थगित कर दिया। बाद में जब इस पर टीका टिप्पणी हुई तो प्रदेश कार्य समिति की झांसी में ही बैठक की नई तिथि 6-7 अगस्त को तय कर दी गई है। लेकिन अभी भी भाजपा नेतृत्व के लिए मुश्किलें कम नही हुई हैं।
बुंदेलखंड एक समय भाजपा का प्रदेश में सबसे मजबूत किला बनकर उभरा था। लेकिन इसके बाद यह किला पार्टी के अंदर की साजिशों की वजह से बुरी तरह दरक गया। खासतौर से पार्टी को सबसे ज्यादा नुकसान स्व. बाबूराम एमकाम के पर कतरे जाने की वजह से हुआ। राजेंद्र गुप्ता और रामप्रकाश गुप्ता के निधन के बाद वे वैश्य वर्ग में पार्टी के सबसे बड़े नेता बचे रह गये थे जिससे कभी भी उनके नाम पर शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए दांव लगाने की स्थिति वैश्य वर्ग पार्टी का मूलाधार होने के चलते आ सकती थी। भाजपा के शातिर महत्वाकांक्षी नेताओं ने इस संभावना को सिर उठाने के पहले ही कुचलने के लिए बाबूराम के मानमर्दन में बेहद निष्ठुरता दिखाई। जब उनके छोटे पुत्र का सड़क हादसे में निधन हो गया था उसके बाद उनके प्रति भारी सहानुभूति लहर होते हुए भी जदयू से गठबंधन के नाम पर उनकी उम्मीदवारी खत्म कर दी गई। 2007 के इस चुनाव में भाजपा को आसपास के सभी जिलों में वैश्य वोट के मुंह मोड़ लेने की वजह से भीषण झटका झेलना पड़ा। जालौन में तो बाबूराम ओबीसी के भी सबसे बड़े नेता थे। इस कारण इस चुनाव में यह वोट भी भाजपा से विमुख हो गया और उस समय जालौन जिले की चारों सीटों पर भाजपा को मुंह खानी पड़ी। 2012 के चुनाव में भी बाबूराम की मर्जी के किसी दांवेदार को विधानसभा का उम्मीदवार नही बनने दिया गया जिसके चलते भाजपा को एक बार फिर सूपड़ा साफ की स्थिति देखनी पड़ी। बुंदेलखंड के अन्य हिस्सों में भी बाबूराम जैसे कददावर नेता के साथ बदले की भावना से किये गये व्यवहार का प्रतिकूल प्रभाव जारी रहा और बुंदेलखंड में पार्टी की जड़ें बुरी तरह धसक गई।
2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर की वजह से बुंदेलखंड में भी पार्टी को मिली संजीवनी के चलते इस अंचल की चारों संसदीय सीटें भाजपा की झोली में आ गई। इससे भाजपा के बुंदेलखंड में एक बार फिर उज्जवल भविष्य के आसार जाहिर होने लगे थे। लेकिन सांसदों ने अपने गैर जिम्मेदार रवैये से अतिशीघ्र बुंदेलखंड के जनमानस में भाजपा के लिए मोहभंग के हालात बना दिये हैं। जो इन सांसदों को लेकर उनके निर्वाचन क्षेत्र में लोगों द्वारा लगाये गये गुमशुदा की तलाश पोस्टर से उजागर हो चुका है।
बुंदेलखंड में इस समय भाजपा में सबसे हैवीवेट नाम जल संसाधन मंत्री उमा भारती का है। उन्होंने चरखारी के बाद झांसी में भी चुने जाने के बाद से लगातार गायब रहने का रिकार्ड बनाकर पार्टी की छवि धोखेबाज और मौका परस्त की बना दी है। झांसी में राज्य कार्य समिति की बैठक में स्थानीय मतदाताओं के साथ उनके छल को लेकर नेतृत्व को खुली बगावत का सामना न करना पड़ जाये यह पार्टी के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। झांसी में मजबूत सरपरस्ती के अभाव के चलते पार्टी का मनोबल इतना गिरा हुआ है कि भाजपा को गरौठा क्षेत्र में उम्मीदवार तक नही मिल रहा। श्याम सुंदर यादव के गो-बैक हो जाने से बबीना क्षेत्र में भी पार्टी को उम्मीदवार का टोटा झेलना पड़ रहा है, तो झांसी सदर में पार्टी मौजूदा विधायक रवि शर्मा और पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ला की गुटबाजी में पिस रही है। कार्य समिति की बैठक की मेजबानी प्रदीप सरावगी को सौंपी गई है जो कि झांसी जिले में स्वयं भाजपा की एक बड़ी शक्तिपीठ के रूप में उभर चुके हैं लेकिन उन्हें भी स्वयं भू दिग्गज हजम नही कर पा रहे हैं।
हमीरपुर में गंगाचरण राजपूत और अशोक चंदेल दोनों की भाजपा ने पार्टी में इंट्री तो करा ली है लेकिन उनकी भूमिका पार्टी तय नही कर पा रही। दोनों के बीच एक म्यान में दो तलवारें न रह सकने की स्थिति उन्हें अधिक महत्व देने से आ सकती है जबकि इन ऊर्जा वाले नेताओं को बहुत दिनों तक पवैलियन में बैठाने की कोशिश की गई तो ये पार्टी के लिए समस्या पैदा कर सकते हैं। इस पेंच से भी पार्टी को जूझना पड़ सकता है। बांदा, चित्रकूट में भी भाजपा को अभी तक कोई ऐसा नेता नही मिल पाया है जो मोदी के तेज को सहेजकर विधानसभा चुनाव में फलित करने का तानाबाना बुन सके। हाल ही में पार्टी ने थाना घेरों आंदोलन चलाया है लेकिन इसके लिए बुंदेलखंड के किसी क्षेत्र में इतनी भीड़ नही जुटी जिससे यह दिखाया जा सके कि विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की लहर चल पड़ी है। राज्य कार्य समिति की बैठक में वैसे तो पूरे प्रदेश के लिए विधानसभा चुनाव की रणनीति का खाका खीचा जायेगा लेकिन बुंदेलखंड के लिए अलग से खाका खीचने की चुनौती भी पार्टी नेतृत्व के सामने अहम रहेगी। विडंबना यह है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य बुंदेलखंड की राजनीति की बारीकियों से परिचित नही हैं जबकि बुंदेलखंड के नाम पर पार्टी के पास कागजी मठाधीश तो बहुत है लेकिन सही अर्थों में करिश्माई नेता का पूरी तरह अभाव है।







Leave a Reply