22orai01उरई। उद्योग बंधु के बैठक में पर्यावरण अधिकारी और जल निगम के अभियंता इरादतन अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने का फरमान जारी कर दिया है।
पिछली कई बैठकों से उद्योग बंधु में कालपी का हाथ कागज इकाइयों के कारण बरसाती नाले में जल प्रदूषण का मुददा चर्चा का विषय बना हुआ है। पर्यावरण विभाग इस बात पर जोर देता रहा है कि इकाइयों में ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाये। जिससे नाले के पानी को जहरीला होने से रोका जाये। जबकि जल निगम के अधिशाषी अभियंता से जब उद्यमियों के आग्रह पर जांच कराई गई तो उन्होंने नाले के पानी में किसी तरह के प्रदूषण से इंकार कर दिया। परस्पर विरोधी रिपोर्टों की वजह से जिलाधिकारी ने पर्यावरण विभाग और जल निगम दोनों से नये सिरे से जांच कर संयुक्त रिपोर्ट देने को कहा था साथ ही पर्यावरण विभाग से ट्रीटमेंट प्लांट का स्टीमेट मांगा था। लेकिन पर्यावरण विभाग के अधिकारी पीठ दिखा गये। न तो वे बैठक में आये और न ही जल निगम के अभियंता। बैठक में यूपीएसआईडीसी को भी आड़े हाथों लिया गया। उसके सभी निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर उंगली उठी। डीएम ने अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की थी जिसने बताया कि यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में ऐसी सड़क बनाई गई है जिसमें नालियां ऊंची हैं। नतीजतन सड़क का पानी उनमें जाने की बजाये नालियों का पानी सड़क पर भरता रहता है। अधिशाषी अभियंता कभी उरई आकर औद्योगिक आस्थान का जायजा लेना गवारा नही करते। डीएम ने इस पर नाराजगी जताई और एई से कहा कि वे सड़क बनाने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्टिड करके उनकी अमानत राशि जब्त कर लें और नये सिरे से टेंडर करवायें।
इसमें मुद्रा लोन योजना की भी चर्चा हुई। इस योजना में 50 हजार से 10 लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी देने का प्रावधान है। लेकिन शिकायत यह की गई कि बैंकर्स गारंटी मांगते हैं। डीएम ने कहा कि लोन वितरण के लिए कैंप लगाये जायें। जो बैकर्स गारंटी मांग रहे है उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। दस्तकारों को पेंशन के लिए भी शिविर लगाकर फार्म भरवाने को कहा गया। उद्योग केंद्र के उपायुक्त आरके शुक्ला डिप्टी कमिश्नर सेल टैक्स, समाजसेवी सत्यपाल शर्मा, अशोक द्विवेदी, केके गहोई मौजूद रहे।

Leave a Reply