उरई। बसपा के आंदोलन का काउंटर करने के लिए बहू-बेटियों के सम्मान की रक्षा के नाम पर प्रदेशीय नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा ने भी शनिवार को प्रदर्शन निकाला। इस दौरान भाजपाईयों ने तहसील से लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया और बाद में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन में पार्टी के सांसद और विधानसभा उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ शामिल थे लेकिन ज्वलंत मुददे के बावजूद आम लोगों को पार्टी नही जोड़ पाई इसलिए प्रदर्शन एक सैकड़ा से भी कम लोगों की भीड़ तक सिमट गया।
भाजपा के प्रदर्शन में मुख्य निशाने पर बसपा महासचिव और नेता प्रतिपक्ष नसीमुददीन सिददीकी रहे। ज्ञापन में कहा गया है कि 21 जुलाई को लखनऊ की सड़कों पर प्रदर्शन के दौरान नसीमुददीन की अगुवाई में बसपाईयों ने महिलाओं के लिए अपमान जनक नारेबाजी की। जो सभ्य समाज की मर्यादा के खिलाफ है। नसीमुददीन को नेता प्रतिपक्ष के पद से बर्खास्त करने और विधानमंडल में उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट में पार्टी की दो महिला नेता आपस में भिड़ गईं। पूजा सेंगर और सुनीता वर्मा के बीच हुई कहासुनी से पार्टी के वरिष्ठ नेता अचकचा गये और उन्होंने किसी तरह दोनों को शांत किया। प्रदर्शन में सांसद भानुप्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर, गौरी शंकर वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह जादौन, मूलचंद्र निरंजन, शंभुदयाल, उर्विजा दीक्षित, अक्षय त्रिपाठी, जगदीश तिवारी, राजेंद्र सिंह वर्मा पुर, बृजभूषण कुशवाहा, माता प्रसाद वर्मा, लाल सिंह चैहान, काशी कोरी आदि शामिल रहे।







Leave a Reply