25orai01उरई। कोंच सड़क की दुर्दशा के विरोध में जनाधिकार मोर्चा के बैनर तले अशोक गुप्ता की अगुवाई में राजनैतिक पार्टियों के नेता, बस आॅपरेटर, समाजसेवी, पत्रकारों ने कोंच बस स्टैण्ड चैराहे पर 3 घंटे तक हंगामी जाम लगाया। इस दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच तीखीं झड़पें हुईं। आंदोलनकारियों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव डालने के लिए पीएसी और पुलिस फोर्स बुलाकर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। लेकिन आंदोलनकारियों पर इस दबाव का कोई असर नही पड़ा। पहले से दी गई दो घंटे की समय सीमा बीतने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने धरना खत्म किया।
बस स्टैण्ड से कोंच तक का रोड महीनों से बीहड़ पड़ा है। जिसके कारण तीस किलोमीटर की दूरी वाहन 3 घंटे में तय कर पाते हैं। कई बार ऊबड़-खाबड़ सड़क की वजह से दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस सड़क पर तकलीफदेह सफर और वाहनों में होने वाली टूटफूट के चलते कई नियमित यात्री लंबी दूरी तय करके आने-जाने के लिए मजबूर हो चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद अभी तक इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए सरकार बजट जारी नही कर सकी है। जनाधिकार मोर्चा के नेताओं ने एक पखवारे पहले जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अल्टीमेटम दिया था कि अगर 25 जुलाई तक सड़क के नवनिर्माण या मरम्मत की शुरूआत नही हुई तो बस स्टैण्ड चैराहे पर 3 घंटे तक धरना देकर ट्रैफिक जाम किया जायेगा।
इसी के अनुरूप आज सुबह 11 बजे राजनैतिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार बस स्टैण्ड चैराहे पर जमा हो गये। बस आॅपरेटरों ने भी उनका साथ देते हुए अपनी-अपनी बसें सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी कर दीं तांकि कोई वाहन न निकल सके। कैलाश पाठक, रामकृष्ण शुक्ल, गिरेंद्र सिंह कुशवाह जैसे बुजुर्ग सड़क पर उमस और तपन से बेहाल करती धूप में बैंच डालकर बैठ गये। बुजुर्गों को सड़क निर्माण के लिए अपने को यातना देते देख युवाओं में उत्तेजना फैल गई और प्रशासन विरोधी नारेबाजी शुरू हो गई। खबर पाकर एसडीएम संजय कुमार सिंह और सीओ जंगबहादुर सिंह यादव मौके पर पहुंच गये। उन्होंने आंदोलनकारियों को समझाया कि वे अपना ज्ञापन उन्हें सौंप दें और धरना हटा लें तांकि यातायात सुचारू हो सके। उनके मांगपत्र को डीएम के माध्यम् से शासन को भिजवा दिया जायेगा। लेकिन प्रदर्शनकारी धरना से डिगने को तैयार नही हुए। उन्होंने एसडीएम से कहा आश्वासन देने के लिए डीएम को यहां बुलवाया जाये। इस पर एसडीएम संजय सिंह बिगड़ गये। उनकी चै. जयकरन सिंह, अशोक राठौर आदि से जमकर कहासुनी हुई। एसडीएम ने गुस्से में फोर्स बुलवाकर धरना खत्म कराने की चेतावनी दे डाली तो कैलाश पाठक का भी पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि वे जेल जाने से नही डरते। इस बीच सीओ जंगबहादुर सिंह एसडीएम संजय कुमार सिंह को एक तरफ ले गये। कुछ देर में पुलिस और पीएसी प्रदर्शनकारियों की घेराबंदी करने लगी। अधिकारियों का लाठी चार्ज कराने का मूड़ भांपकर बुजुर्ग प्रदर्शनकारियों ने करो-मरो जैसी मुद्रा अपना ली। हालांकि बाद में कोई बल प्रयोग नही हुआ। धरना का समय खत्म होने के कुछ देर पहले ही लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता सड़क निर्माण के लिए बजट के अनुमोदन का कागज लेकर मौके पर पहुंच गये। उन्होंने यह भी कहा कि वे आपकी समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए इस सड़क को सीसी करने का प्रस्ताव शासन को भेज रहे हैं। इस पर कैलाश पाठक बोले की हमें बहलाने की कोशिश मत करो, यह बताओं कि तुरंत में क्या करने वाले हो। रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि अगर आप टालमटोल करेंगे तो हम लोगों को आंदोलन और आगे बढ़ाने की रणनीति बनानी पड़ेगी। इस बीच विधि महाविद्यालय के प्रबंधक शरद शर्मा ने हस्तक्षेप किया। अतंतोगत्वा अधिशाषी अभियंता ने अपने स्तर से सड़क की थोड़ी बहुत रिपेयरिंग तत्काल कराने का आश्वासन दिया। तब प्रदर्शनकारी शांत हुए।
प्रदर्शन में अनिल शर्मा, संजय गुर्जर, भग्गूलाल बाल्मीकि, विजय दिवाकर, पप्पू खकसीस, अमित गुर्जर, आलोक शुक्ला, गोपाल जी मिश्रा, विनय पाठक, नरेंद्र राजपूत, दीनदयाल काका, शाहिद खान, जगदीश गुप्ता, सुनील शर्मा पत्रकार, अंशुमन सिंह सेंगर, कुलदीप गौर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply