cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। राशन के चावल की कालाबाजारी का जनपद जालौन पिछले कई महीनों से गढ़ बना हुआ है। जिससे यहां माफियाओं की एक नई नस्ल ईजाद हो गई है जो इस काले धंधे में हर माह लाखों रुपये की पैदावार कर रहे हैं। पूर्ति विभाग, परगना और पुलिस के अधिकारी भी इस धंधे में हिस्सा हासिल करने से पीछे नही हैं।
जालौन जिले में चावल खाने वालों की संख्या न के बराबर है। लेकिन इसके बावजूद शुरू से यहां राशनकार्ड धारकों के लिए गेंहूं के साथ-साथ चावल भी रियायती मूल्य पर कोटे की दुकानों से बटवाया जाता है। यह चावल उन लोगों के भी इस्तेमाल का नही है जो चावल को पसंद भी करते हैं। इसलिए कोटे की दुकान का चावल लेने कोई उपभोक्ता नही जाता। अगर कोई कार्ड धारक चावल के लिए कोटे की दुकान पर पहुंचता भी है तो अंदर से बहुत इच्छुक न होने की वजह से कोटेदार के लिए उसे टरका देना बेहद आसान रहता है।
यह दूसरी बात है कि इसके बावजूद हर राशनकार्ड पर कोटेदार के रजिस्टर में चावल का वितरण दर्ज होता है। यह चावल कोटेदारों से इस क्षेत्र में पनपे नये माफिया दो-तीन रुपये का ज्यादा भाव देकर हथिया लेते हैं। इन माफियाओं के पास या तो राजनैतिक रसूख है या जिले के कुछ अधिकारियों के घर में बैडरूम तक इनकी पैठ होने की वजह से इनके लिए राशन का चावल लोडरों पर लादकर थोक में राठ, झांसी, पुखरायां और औरैया ले जाने में कोई दिक्कत नही होती।ं जहां इस चावल को फ्लोर मिल में मिलावट के लिए खपा दिया जाता है। चावल की बदौलत ही फ्लोर मिल के आटे की सफेदी अलग ही नजर आती है। यह दूसरी बात है कि चावल मिले आटे को खाकर लोग अपना गूदा कितना कमजोर कर रहे हैं इसका पता उन्हें कुछ समय बाद चलेगा। बहरहाल अनुदानित चावल में हो रहे खेल से सरकार के सब्सिडी के बजट में भी चूना लग रहा है। आम के आम और गुठलियों के दाम की कहावत तो सबकी सुनी है लेकिन चावल तेरे कितने नाम तू देता कितने दाम यह कहावत भी अब धीरे-धीरे जनमानस में आकार ले रही है।

Leave a Reply