उरई। बिजली चैकिंग अभियान के तहत शहर में आज विभाग ने 5 लाख 10 हजार रुपये के बकाये की वसूली की। इस दौरान 29 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गये। चैकिंग अभियान के कारण शहर में हड़कंप का माहौल रहा।
बिजली वसूली बढ़ाने के लिए विभागीय अभियान में कोई ढील नही बरती जा रही। जबकि दूसरी ओर इमरजेंसी कटौती का दायरा लगातार बढ़ने से कनेक्शन धारकों में गहरा रोष छाया हुआ है। बुधवार को कनेक्शन विच्छेदन टीम के साथ जेई इसरार अहमद और शफीक वसूली के लिए उतरे। बिजली विभाग की टीम को देखकर मोहल्लों में भगदड़ मच गई। सात लोगों को कटिया डालकर बिजली जलाते हुए चिन्हित किया गया। इनके खिलाफ कोतवाली में तहरीर देने की कार्रवाई की जा रही है। उधर विद्युत चोरी अभियान को देखते हुए हीटर पर खाना बनाने वाले परिवारों को कुछ दिनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर होना पड़ रहा है। बजरिया में ऐसे ही एक परिवार के मुखिया ने कहा कि यह अभियान नही हम लोगों को सताने की कार्रवाई है, लेकिन अब हम पक्के हो चुके हैं, अभियान चलता है तो कुछ दिनों खर्चा करके दूसरा इंतजाम कर लेते हैं। इसके बावजूद आमतौर पर उनका हीटर जिंदाबाद रहता है।







Leave a Reply