उरई। बुलंदशहर में हाइवे संख्या 91 पर मां-बेटी के साथ हुए गैंग रेप के विरोध में महिला कांग्रेस की कार्यकत्रियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में धरना देकर स्यापा किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी धरने में शामिल रहे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकत्रियों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें राज्य सरकार की बर्खास्तगी की मांग की गई।
धरना स्थल पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष छाया पालीवाल की अध्यक्षता में सभा हुई जिसका संचालन शहर अध्यक्ष असगरी बेगम ने किया। कांग्रेस के बुजुर्ग नेता रामप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश के मौजूदा हालात बेहद खराब हैं। कहीं भी मां-बहन-बेटियों की आबरू सुरक्षित नही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को महिमामंडित करने की मानसिकता वाले लोगों की सरकार होने की वजह से अराजक तत्व काबू में नही आ रहे। जब तक यह सरकार हटा नही दी जायेगी तब तक प्रदेश में अमन चैन की कल्पना नही की जा सकती।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रेहान सिददीकी ने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रावधानों के बारे में राज्य सरकार के सारे दावे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर की घटना ने पूरी दुनियां के सामने उत्तर प्रदेश का सिर नीचा कर दिया है। इस शर्मनाक घटना की जिम्मेवारी लेते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को स्वयं ही अपनी सरकार का इस्तीफा राज्यपाल को सौंप देना चाहिए। मुन्नी बेगम, शीला गिरि, सरोज वर्मा, पुष्पा देवी, इंदु पहाड़पुरा, राजकली भदौरिया, लीलावती, गेंदारानी, गुडडी, रुचि, रामादेवी, रीता देवी, मीरा देवी, साधना राजावत आदि ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यपाल शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।







Leave a Reply