11orai01उरई। विकास खंड जालौन के खंड विकास अधिकारी के उत्पीड़नात्मक रवैये के खिलाफ कर्मचारियों में व्याप्त चिंगारी ज्वाला का रूप लेने लगी है। रविवार को ग्राम विकास अधिकारी संघ और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ की संयुक्त बैठक मनोज कुमार गुप्ता व नरेश चंद्र द्विवेदी की मिलीजुली अध्यक्षता में हुई जिसमे बीडीओ जालौन के खिलाफ सशक्त आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। बैठक का संचालन रामबिहारी वर्मा ने किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जालौन के खंड विकास अधिकारी पीएस चंद्रोल पिछले पांच वर्षों से जनपद में कुण्डली जमाये हुए हैं जो कि तिकड़मबाजी में माहिर हैं। कर्मचारियों की एकता को वर्गवार, जातिवाद के आधार पर खंडित करके अभी तक इन्होंने अपना उल्लू सीधा किया। लेकिन अब इनकी कलई खुल चुकी है। स्थानीय लोगों को कर्मचारियों के खिलाफ बहकाकर उन्हें अपमानित कराने के हथकंडे में भी चंद्रोल माहिर हैं जो कि अधिकारी के गरिमा के विरुद्ध आचरण है। उनके पाप का घड़ा भर चुका है। उनकी करतूत की वजह से किसी दिन कोई अप्रिय घटना घटे इसके पहले ही उन्हें हटना जरूरी है जिसके लिए कर्मचारियों ने कमर कस ली है।
विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम के तहत तय किया गया कि 14 सितंबर को साप्ताहिक बैठक के बाद 15 सितंबर से 17 सितंबर तक सभी लोग विरोध जताने के लिए काली पटटी बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद 19 सितंबर और 20 सितंबर को जनपद के प्रत्येक विकास खंड में दोनों संगठन 12 से 3 बजे तक कलमबंद विरोध प्रदर्शन करेगे।
21 सितंबर को जनपद के समस्त विकास खंडों में साप्ताहिक बैठकों का पंचायत सचिवों द्वारा बहिष्कार किया जायेगा। 22 सितंबर को विकास भवन या कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिले भर के सचिव एक दिवसीय धरना देंगे। इस बीच चंद्रोल का ट्रांसफर न होने पर 23 सितंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया जायेगा।
बैठक में सभी ग्राम विकास और ग्राम पंचायत अधिकारी साथियों से आंदोलन को पूरे जोर-शोर से सफल बनाने की अपील की गई। पवन तिवारी, अश्वनी गुबरेले, देवेंद्र कुमार सिंह, मनोज कुमार गौतम, मुकेश सविता, मनीराम शाक्यवार, जगदंबा प्रसाद, रामकुमार कुशवाहा, महेशचंद्र द्विवेदी, अजय कुमार गुप्ता, दयाशंकर वर्मा, महेंद्र कुमार, विपिन गुप्ता, लक्ष्मण चैरसिया, गंधर्व सिंह, कृष्णमुरारी विद्यार्थी, इंद्रपाल सिंह, मुन्ना लाल, रामकुमार, मेहरबान सिंह, संदीप गुप्ता, प्रवीण रत्नम्, संतोष बाबू, प्रमोद कुमार स्वर्णकार, पुष्पेंद्र नाथ त्रिपाठी, अमर सिंह, रामबरन सिंह, फूलसिंह, शीलनिधि शुक्ला, देवेंद्र निरंजन, रमेश कुमार, हरीश कुमार राठौर, अखिलेश शर्मा, सतीश चंद्र वर्मा, ख्याली राम पाल, छेदा लाल दोहरे, अंगद सिंह कुशवाहा, धर्मनारायण मिश्रा आदि बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Leave a comment