0 परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
कोंच-उरई। गुजरी 27 सितंबर को डाक बांटने अपने क्षेत्र में गये एक युवा पोस्टमैन के लापता होने के बाद आज छठवें दिन भी उसका कोई अता पता नहीं होने के कारण उसके परिजनों की हालत खराब है। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई है और पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है।
नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम वसीठ निवासी मुन्नालाल का 27 बर्षीय बेटा सुनीलदत्त उर्फ सोनू घिलौर डाकघर में बतौर पोस्टमैन तैनात है और घिलौर, ईश्वरी, गनेशपुरा आदि गांवों में डाक वितरण करता है। गुजरी 27 सितंबर को वह गनेशपुरा में डाक बांटने गया था और वहीं से लापता है। परिजनों ने नदीगांव थाने में तहरीर देकर सोनू के अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने 28 सितंबर को पिता मुन्नालाल की इस तहरीर पर सोनू की गुमशुदगी दर्ज तो कर ली लेकिन उसे तलाशने का कोई उपक्रम नहीं किये जाने से आज छह दिन बाद भी वह बेसुराग बना हुआ है। परिजनों के मुताबिक लापता सोनू ने किसी दीगर नंबर से बात की थी कि कुछ लोग उसे बंधक बनाये हैं। हालांकि अभी तक फिरौती जैसी कोई मांग नहीं की गई है लेकिन परिजनों की चिंता स्वाभाविक है और वे इस बात की अपेक्षा पुलिस से रख रहे हैं कि शीघ्र ही उसके बेटे का सुराग लगाये क्योंकि किसी अनहोनी की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।







Leave a comment