अंबेडकर जयंती पर सेवा का संकल्प: 327 ग्रामीणों को मिला मुफ्त इलाज और दवाइयां”

उरई। अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनपद जालौन के डकोर विकास खंड के ग्राम धगुवां कला स्थित पंचायत भवन में अनुरागिनी संस्था द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 327 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान भीमराव अंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि बाबा साहब द्वारा स्थापित समानता, शिक्षा और अधिकारों के मूल्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 30 वर्षों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल दवाइयां ही नहीं, बल्कि संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से पोषक आहार अपनाने और समय पर भोजन करने की सलाह दी।

जिला सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार जालौन के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे लोगों को समय रहते बीमारियों की जानकारी और उपचार मिल सके। उन्होंने अनुरागिनी संस्था के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम संयोजक हेमंत यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें निःशुल्क जांच एवं दवा सुविधा उपलब्ध कराना है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी इस पहल की उपयोगिता को दर्शाती है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सुनील कुमार, अखिलेश कुमार गुप्ता, अजय प्रकाश, फार्मासिस्ट रमेश चंद्र, गिरिजा देवी, एएनएम रामजानकी, ग्राम प्रधान गायत्री देवी सहित अनुरागिनी संस्था के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

Leave a comment