आग से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच: जालौन में अग्निशमन जागरूकता अभियान शुरू”

उरई। जनपद जालौन में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत विशेष अभियान की शुरुआत की गई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अपने आवास से अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य आमजन को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जागरूकता रैलियां, स्कूलों और अस्पतालों में मॉक ड्रिल, अग्नि सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग का प्रशिक्षण और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी शामिल है।

कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी अरविंद सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” के संकल्प के साथ लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अधिकांश आग की घटनाएं लापरवाही और जानकारी के अभाव में होती हैं। यदि समय रहते सावधानी बरती जाए और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए, तो बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से गैस सिलेंडर, बिजली उपकरणों और ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें। अग्निशमन विभाग की टीम हर समय सहायता के लिए तैयार रहती है।

यह अभियान न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम है, बल्कि जन-जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

Leave a comment