उरई। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पीआरडी जवानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जवानों ने समान कार्य के लिए समान वेतन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया और न्याय की मांग की।
प्रेषित ज्ञापन में समस्त पीआरडी जवान, जनपद जालौन ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 3 अगस्त 2023 के आदेश का हवाला देते हुए मांग की कि उन्हें पुलिस कांस्टेबल के बराबर वेतन एवं परिश्रमिक दिया जाए। जवानों का कहना है कि वे पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, फिर भी उन्हें समान सुविधाएं और वेतन नहीं मिल रहा है।
इसके अलावा ज्ञापन में ड्यूटी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए पीआरडी जवानों के लिए 20 लाख रुपये के बीमा कवर की मांग भी की गई है, ताकि जोखिम भरे कार्यों के दौरान उनके परिवारों को सुरक्षा मिल सके।
जवानों ने पीआरडी एक्ट 1948 के तहत पहले से मौजूद पदों—ब्लॉक कमांडर, सेक्टर कमांडर और प्लाटून कमांडर—की पुनः बहाली की भी मांग उठाई। उनका आरोप है कि इन पदों को युवा कल्याण विभाग द्वारा समाप्त कर दिया गया है, जिससे संगठनात्मक व्यवस्था प्रभावित हुई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पीआरडी जवान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और आपदा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार योगदान देते हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है।
अंत में सभी पीआरडी जवानों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति व्यक्त की और सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाकर समाधान का प्रयास करेंगे।







Leave a comment