उरई। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गति दी जा रही है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद के सभी 64 क्रय केंद्रों पर विशेष कैम्प आयोजित कर प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी किसान इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को इस अभियान का नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया कि उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से कैम्प संचालित किए जाएं और छूटे हुए किसानों की मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्री की जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने तथा क्रय केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक किसान की अनिवार्य रूप से रजिस्ट्री कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों की डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निगरानी के माध्यम से इसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी।








Leave a comment