उरई। जनपद में किसानों की सुविधा और पारदर्शी राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खतौनी में नाम, अंश एवं अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए उपलब्ध कराई गई ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अब किसान अपने भूमि अभिलेखों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को आसानी से ऑनलाइन ठीक करा सकते हैं, जिससे उनकी फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी सुगम और बाधारहित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि कई मामलों में आधार कार्ड और खतौनी में नाम अथवा अन्य विवरणों में अंतर होने के कारण किसानों को रजिस्ट्री कराने में कठिनाई हो रही है।
ऐसे सभी कृषक अब https://upbhulekh.gov.in/ansh/� लिंक के माध्यम से या अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित प्रकरणों का राजस्व विभाग द्वारा तहसील स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे इस सुविधा का समयबद्ध लाभ लें और आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल नंबर (ओटीपी हेतु) तथा खतौनी के साथ जनसेवा केंद्र पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों की सतत निगरानी करते हुए त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर किसान की डिजिटल पहचान सुदृढ़ करना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि अब बाधा नहीं बनने दी जाएगी।







Leave a comment