नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

उरई। केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत महिलाओं को लोकसभा, राज्य विधानसभाओं एवं दिल्ली विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 106वें संविधान संशोधन के रूप में पारित यह अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जो परिसीमन के बाद लागू होगा।

इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत शहर के गांधी महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन विषय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिसके माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नारी शक्ति से संबंधित पोस्टर एवं जागरूकता बिंदुओं को महाविद्यालय परिसर की दीवारों पर लगाने तथा उन पर हस्ताक्षर अभियान से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों द्वारा जनजागरूकता के लिए पदयात्रा निकाली गई, जिसमें नारी सशक्तिकरण से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। पदयात्रा के दौरान जागरूकता कार्ड का वितरण भी किया गया। इसके अलावा छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता और सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति परिवार और समाज की आधारशिला है तथा उन्हें राजनीति में भी पूर्ण सशक्तता के साथ भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में छात्राओं में मुस्कान, नेहा, दीपिका, दामिनी, जूली देवी, मंजू पाल, सृष्टि, रोशनी, शिवानी, अम्बिका देवी सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन, बुंदेलखंड की अध्यक्ष डॉ. विश्वप्रभा त्रिपाठी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

महाविद्यालय की महिला सदस्यों में डॉ. कंचन दीक्षित, डॉ. वंदना सिंह, प्रीति परमार, डॉ. ममता अग्रवाल, रागनी सहित अन्य उपस्थित रहीं। वहीं प्राध्यापकों में धर्मेन्द्र वर्मा, इंद्रमणि प्रसाद दूबे, डॉ. कुमारेन्द्र सिंह सेंगर, स्वप्निल भट्ट, डॉ. अरुण सिंह, अरुण विमल, संदीप श्रीवास्तव, डॉ. मसऊद अंसारी, रामगुलाम, भूपत आदि की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन मिशन शक्ति अभियान की कार्यक्रम संयोजिका डॉ. ऋचा पटेरिया द्वारा किया गया।

Leave a comment