14orai01उरई। एक सुर एक ताल से राष्ट्र गीतों की गूंज के साथ माध्यमिक स्तर की छात्राओं के दो दिवसीय संगीत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को गांधी इंटर काॅलेज में समापन हो गया। इस दौरान मुंबई से आई युवक बिरादरी की टीम के गीत-संगीत पर पूरा हाॅल झूमने लगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने युवक बिरादरी के सहयोग से इंटर काॅलेज की छात्राओं के लिए इस आयोजन की व्यवस्था की थी। इसमें छात्राओं को राष्ट्र भक्ति के गीतों और लोक गायन व लोक गीतों की जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया।
दो दिने के इस आयोजन में राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, एसआर बालिका इंटर काॅलेज, रामजी लाल बालिका इंटर काॅलेज समेत लगभग आधा दर्जन इंटर काॅलेजों की साढ़े पांच सौ बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं का कहना था कि उन्होंने इस प्रशिक्षण में खूब मस्ती की और प्रफुल्ल जीवन का संदेश भी आत्मसात किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट अनिल मिश्रा ने कहा कि सृजनात्मक गतिविधियों की नई पीढ़ियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि संगीत से पढ़ाई करने की क्षमता और बौद्धिक कौशल भी बढ़ता है। साथ ही गीत-संगीत के माध्यम् से नई पीढ़ी में देश भक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू, राजकीय इंटर काॅलेज मुसमरिया के प्रधानाचार्य बीके श्रीवास्तव, गांधी इंटर काॅलेज की प्रबंध समिति की अध्यक्ष इंदु शर्मा, प्रधानाचार्य डाॅ. रविशंकर अग्रवाल, शिक्षक नेता रामजी गुर्जर और सभी इंटर काॅलेजों की शिक्षिकाएं इस अवसर पर उपस्थित थीं।

Leave a comment