उरई। नमक पर पाबंदी की अफवाह की वजह से जिले में भी जनजीवन के बीच अफरा-तफरी के हालात रहे। कई दुकानदारों ने मौके का फायदा उठाकर दो-दो सौ रुपये के पैकेट नमक बेचते हुए लोगों को जमकर लूटा।
दावानल से भी तेजी से सुलगी अफवाहों ने जिले के कोने-कोेने में आग लगा दी। सिरसाकलार और न्यामतपुर जैसे दूरवर्ती कस्बों तक में नमक की जमकर ब्लैक मार्केटिंग हुई। घबराये लोग पागलपन जैसी हालत में थे जिससे उन्हें कोई भी कीमत देना गंवारा हो रहा था। जिला मुख्यालय पर बजरिया में भी नमक की खुली ब्लैक हुई। हालांकि दोपहर बाद प्रशासन की सख्ती से स्थिति सामान्य हो गई।
सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा ने शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि नमक की कमी और ज्यादा कीमत वसूलने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जायेगा। उन्होंने कई परचून की दुकानों का निरीक्षण किया। हालांकि कहीं कोई ऐसी विसंगति नही मिली जिससे कार्रवाई की नौबत आये।






Leave a comment