उरई। कड़ाके की ठंड जानलेवा बनने लगी है, सोमवार को लोगों को गलन भरी सर्दी का सामना करना पड़ा। इसकी वजह से जनजीवन बुरी तरह से बेहाल हो गया। रामपुरा में सर्दी लगने से एक किसान की मृत्यु हो गई।
कड़ाके की ठंड अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। सोमवार को सुबह भयंकर कोहरे की वजह से जनजीवन बेहाल हो गया। कोहरा छटा तो बदली हो जाने से गलन भरी सर्दी महसूस होने लगी। रामपुरा क्षेत्र के ग्राम मढ़ेपुरा में महावीर (38) पुत्र गोविन्द की सोमवार सुबह सर्दी लगने से मृत्यु हो गई। वह नहाने के बाद खाना खाने के लिये जा रहा था। इसी दौरान ठिठुरन के कारण वह बेहोश होकर गिर गया। 5 मिनट के भीतर ही उसकी मृत्यु हो गई। उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। सर्दी बढ़ने से बेसहारा लोगों की आफत आ गई है। अभी तक प्रशासन द्वारा न तो पर्याप्त कंबलों का वितरण किया है और न ही अलाव के इंतजाम किये गये हैं। यहां तक कि रैन बसेरा तक स्थापित वहीं हुए हैं। ठिठुरन से परेशान गरीब वर्ग के लोग कूड़ा करकट एकत्रित कर उसे जलाकर ठंड दूर करते नजर आते हैं। कोहरा की वजह से यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। कोहरे की वजह से नेशनल हाइवे पिरौना के पास एक ट्रक असंतुलित होकर खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Recent posts