उरई। बुधवार को चुनावी मौसम में पेश हो रहे आम बजट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। किसान से लेकर बेरोजगार युवाओं, छात्रों और महिलाओं तक को इस आम बजट से काफी उम्मीदें हैं। वहीं कई वर्षों से लगातार दैवीय आपदाओं का सामना कर रहे बुंदेलखंड के किसानों को इस बजट में सरकार द्वारा कर्जमाफी की घोषणा की उम्मीद है। अब देखना यह है कि बुधवार को पेश होने वाला यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं की कसौटी पर कितना खरा उतर पाता है। राजनीतिक दलों के तमाम विरोध के बावजूद भी केेंद्र सरकार बुधवार को आम बजट पेश करने जा रही है। राजनीतिक दलों का आरोप है कि सरकार बजट के सहारे लोक लुभावन घोषणाएं करके चुनाव को प्रभावित कर सकती है। राजनीतिक दलों के इस विरोध को दरकिनार करते हुए सरकार द्वारा बुधवार को आम बजट पेश किया जा रहा है। चुनावी मौसम में आ रहे आम बजट को लेकर किसानों, युवाओं व महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी वर्गों के लोगों को उम्मीदें हैं कि इस बार चुनाव का लाभ उन्हें जरूर मिलेगा और सरकार उनके लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू करेगी। वहीं किसानों को सबसे बड़ा इंतजार कर्ज माफी की घोषणा का है। बुंदेलखंड का किसान बीते कई वर्षों से लगातार आपदा का सामना कर रहा है। कभी सूखा तो कभी ओलावृष्टि ओर अतिवृष्टि से किसान आर्थिक रूप से टूट चुका है। ऐसे में उसके लिए कर्जा चुकाना तो दूर, पेट भरना भी मुश्किल है। किसानों को उम्मीद है कि शायद इस बजट में उनके लिए कोई कल्याणकारी घोषणा की जाएगी।

Leave a Reply

Recent posts