उरई । नगर पालिका परिषद् उरई के निर्वाचन के सम्बन्ध में डॉ कुमारेन्द्र सिंह सेंगर ने भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष उदयन पालीवाल से उनके आवास पर भेंट की। पार्टीगत कुछ बिन्दुओं पर चर्चा के साथ ही नगर निकाय के परिसीमन, वार्डों की संख्या, वार्ड आरक्षण, उनपर आपत्तियों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद्, उरई के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में दावेदारी पर विचारार्थ एक औपचारिक पत्र भी जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल को दिया।

पत्र में डॉ  सेंगर ने पार्टी के प्रति अपने कार्य, सेवा और निष्ठा का हवाला देते हुए कहा है कि यदि नगर पालिका परिषद्, उरई का अध्यक्ष पद परिसीमन पश्चात सामान्य वर्ग में निर्धारित किया जाता है तो इस पद पर उनकी प्रत्याशिता पर विचार किया जाये। डॉ कुमारेन्द्र सिंह सेंगर 1990 से लगातार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उनको पूर्व में प्रबुद्ध प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष तथा एनजीओ प्रकोष्ठ के  बुन्देलखण्ड संयोजक का दायित्व प्रदान किया जा चुका है।

वे बजरंग दल के जिला संयोजक तथा हिन्दू युवा वाहिनी के जनपद जालौन के संस्थापक संयोजक भी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त डॉ कुमारेन्द्र वर्ष 1985 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में भी सेवा कर रहे हैं। राजनैतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आये डॉ  कुमारेन्द्र लम्बे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। वे वर्ष 2010 में झाँसी-इलाहाबाद शिक्षक निर्वाचन हेतु विधान परिषद् सदस्य (MLC) के प्रत्याशी रह चुके हैं। वर्तमान में वे सामाजिक जागरूकता कार्य करने, बेटी प्रोत्साहन अभियान ,बिटोली, दिव्यांग प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यक्रम ,दिव्यांग शक्ति का संचालन करने के साथ-साथ गाँधी महाविद्यालय, उरई में हिन्दी विभाग में सहायक प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं।

 

Leave a comment

Recent posts