उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध हालत में कुएं में गिरकर मौत हो गई। ससुराली इसे आत्महत्या बता रहे हैं जबकि महिला के मायके के लोगों ने उसके पति पर उसे मारकर कुएं में फेकने का आरोप लगाया है। कुठौंद थाना क्षेत्र के मड़ोरा गांव में शोभासिंह की पत्नी संजना (32वर्ष) की कुएं में गिर जाने से मौत हो गई। ससुराल के लोगों ने बताया कि घर में किसी बात पर हुए कलह से क्षुब्ध होकर उसने ऐसा कदम उठा डाला जिसकी पहले वे कल्पना भी नही कर पाये थे। वह अचानक घर से निकली और कुएं में उसने छलांग लगा दी। जब तक घर के लोगों को पता चला तब तक उसका प्राणांत हो चुका था। दूसरी ओर संजना के पिता बिरगुवां निवासी जितेंद्र सिंह ने ससुराल वालों के कथन को ड्रामा करार दिया उनका कहना है कि शोभा सिंह आये दिन दारू पीकर उसको पीटता था। नशे में उसने झगड़े के बाद उसे कुएं में फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसीलिए उनको ससुराल के लोगों ने संजना की मौत की खबर नही दी। पड़ोसियो से जानकारी मिलने के बाद वे आये तो उन्हें पूरी बात मालूम हुई। कुठौंद पुलिस ने उनके प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Recent posts