उरई। पुलिस द्वारा चलाये जा रहे यातायात माह के क्रम में मंगलवार को भारत विकास परिषद ने कोतवाली के बाहर ग्रीन कार्ड पंजीकरण शिविर लगाया। इसमें बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन चालकों को उनका रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा के कागजात चैक करके पंजीकृत किया गया। इसके बाद उन्हें फोटो प्रमाणित कर ग्रीन कार्ड दिया जायेगा। जिसके बाद उनको सभी कागजात साथ लेकर चलने की जरूरत नही रह जायेगी।
इससे पहले शिविर का उदघाटन पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वाहनों के कागजात पूरे रखे जाने चाहिए। किसी भी तरह के हादसे या चोरी में इनकी सबसे पहले जरूरत पड़ती है। उन्होंने भारत विकास परिषद की इस मामले में लोगों की सहूलियत के लिए हाथ बंटाने की तारीफ की लेकिन यह कहा कि नगर में जितने वाहन उपलब्ध हैं उनको देखते हुए पंजीकरण कराने वालों की तादाद कम कही जायेगी। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद को कम से कम 10 हजार ग्रीन कार्ड जारी करने का लक्ष्य बनाना होगा। तभी उनकी प्रयास सार्थक कहे जायेगे।
परिषद के राष्ट्रीय चेयरमैन जीवनराम गुप्ता और प्रांतीय सचिव इं. अजय इटौरिया ने कहा कि वे पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तावित इस चुनौती का स्वागत करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिषद द्वारा 10 हजार से भी ज्यादा लोगों को कार्ड वितरित करके दिखाये जायेगें। नगर क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने भी लोगों को संबोधित किया। अंत में परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किये।

Leave a Reply

Recent posts