उरई। सामजवादी पार्टी की जिला इकाई ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को देकर प्रदेश सरकार द्वारा बिजली की दरों में की गई हालिया वृद्धि को निरस्त करने की मांग की है।

पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव दादी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल सिटी मजिस्ट्रेट एनपी पांडेय से मिला और उन्हें राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। बाद में पत्रकारों से वार्ता करते हुए वीरपाल सिंह दादी ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसी मुनाफाखोर कंपनी की तरह काम कर रही है। यह जानते हुए भी कि लोग बढ़ती मंहगाई की वजह से त्रस्त हैं। उसने बिजली दरों में वृद्धि को थोप डाला। उन्होंने सरकार को संवेदनहीन बताया। जो जनता की पीड़ा को समझने के लिए तैयार नही है।

ज्ञापन में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में लगातार गिरावट पर भी चिंता जताई गई। पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में पुलिस तक सुरक्षित नही है। सरकार पोषित गुंडे खाकी तक पर हमला करने से बाज नही आ रहे। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं थमने का नाम नही ले रहीं। पूरे प्रदेश में भय और आतंक का वातावरण है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने राज्यपाल से, जो कि पिछली सरकार में अपनी अति सक्रियता को लेकर चर्चित रहे हैं। अपनी कार्यशैली के मुताबिक मौजूदा सरकार के भी पेंच कसने की मांग की है। तांकि प्रदेश में असुरक्षा का वातावरण समाप्त हो सके।

ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक दयाशंकर वर्मा, सफीकुर्रहमान कश्फी, विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा, मिर्जा साबिर बेग, चुन्ना हुसैन रिजवी, महेश द्विवेदी आदि शामिल थे।

 

 

Leave a comment

Recent posts