कोंच-उरई । आज नगर पंचायत नदीगांव में भी भारी तामझाम के बीच नव निर्वाचित बोर्ड के अध्यक्ष व सभासदों को एसडीएम सुरेश सोनी द्वारा शपथ दिलाई गई। मंच के माध्यम से नपं अध्यक्ष भानुप्रकाश के राजनैतिक गॉडफादर अभिमन्यु सिंह डिंपल का पगड़ी बांध कर एवं तलवार भेंट कर सम्मान किया गया। नपं अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि कस्बे के लोगों ने जो प्यार और सम्मान देते हुये उनकी जीत का मार्ग प्रशस्त किया उसका सम्मान रखा जायेगा और कस्बे का सर्वांगीण विकास कराने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी। अभिमन्यु सिंह ने भी अपने संबोधन में कस्बाई लोगों का अभार जताते हुये कहा कि उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिये वर्तमान बोर्ड संकल्पबद्घ है। उन्होंने जोड़ा कि इलाके के ऐसे गरीबों जो धनाभाव के कारण अपने बेटे बेटियों की शिक्षा दीक्षा करा पाने में असमर्थ हैं उन्हें चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, वह अपने व्यय पर उनकी पढाई लिखाई का बंदोबस्त करेंगे। नदीगांव के किला मैदान में शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह का भव्य और विशाल आयोजन किया गया जिसमें हजारों की भीड़ ने शिरकत की। ईओ रवीन्द्रकुमार भी मौजूद रहे।

 

Leave a comment

Recent posts