
कोंच-उरई । नदीगांव इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार महिला को न्याय दिलाने के लिये मंगलवार को गुलाबी गिरोह जम कर गरजा। गिरोह की सैकड़ों महिलाओं ने तहसील पर प्रदर्शन किया और घटना के दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा त्वरित न्याय दिये जाने की मांग की। गिरोह की कमांडर अंजू शर्मा ने कहा है कि यदि पीडि़त महिला को न्याय नहीं मिला तो वह जिला मुख्यालय पर भी प्रदर्शन करेंगी और अपनी बात सूबे की राजधानी तक पहुंचायेंगी ताकि एक कमजोर और बेबस महिला को न्याय मिल सके।
जिले में आये दिन दुष्कर्म और छेड़खानी की बढती घटनाओं का आरोप लगाते हुये गुलाबी गिरोह की सैकड़ों महिलायें गुलाबी परिधानों और हाथों में हॉकी डंडे थामे जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करती तहसील परिसर पहुंचीं जहां उन्होंने एक सभा कर अपनी बात कही कि पुलिस आम जनता के साथ अन्याय कर रही है, घटनाओं की सूचनायें दर्ज नहीं की जा रहीं हैं जिसके कारण लोगों को न्यायलय की शरण में न्याय पाने के लिये जाना पड़ रहा है। हाल ही में नदीगांव की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का हवाला देते हुये उन्होंने बताया कि नदीगांव में एपीओ पद पर तैनात अलवर्ट पुत्र श्यामलाल ने नौकरी का झांसा देकर उसे उरई बुलाया और अपने साथियों के साथ मिल कर उक्त महिला की अस्मत लूट ली। जब सरकारी आदमी ही इस तरह के कार्य करेंगे तो फिर न्याय की उम्मीद किससे करे जनता। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम गुलाब सिंह को दिया। इस दौरान कस्तूरीदेवी, मीरादेवी, संतोषी, रूपा, गंगादेवी, लीला, राजकुमारी, ललितादेवी, सुशीला, साधना, सरिता, विमला, प्रेमा, जमीला, पद्मादेवी सहित तमाम महिलायें मौजूद रहीं।






Leave a comment