
कोंच-उरई । एक तरफ सरकार साफ सफाई पर करोड़ों खर्च कर स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं तो दूसरी तरफ कतिपय लोग अपने स्वार्थ में न केवल प्राइवेट भवनों अपितु सरकारी भवनों और स्मारकों पर पोस्टर पैम्फलेट्स चिपका कर उन्हें गंदा करने पर आमादा हैं। कस्बे में दर्जनों जगहें ऐसी हैं जहां अपना प्रचार करने के चक्कर में सरकारी भवनों और स्मारकों पर हजारों की संख्या में पोस्टर और पैम्फलेट्स चिपकाये गये हैं और उन्हें बदसूरत बनाया गया है। नगर पालिका भी इनकी लगातार अनदेखी कर रही है जिससे इन लोगों के हौसले बढे हुये हैं।
गौरतलब है कि आजकल दीपावली की आमद को देखते हुये लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों की साफ सफाई और रंगाई पुताई करने में जुटे हैं जिसमें उनका हजारों रुपया खर्च हो रहा है। सरकार भी स्वच्छता को लेकर लगातार कार्यक्रम और रैलियां आयोजित कर करोड़ों फूंक रही है ताकि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन को साकार किया जा सके, लेकिन कुछ लोगों को यह साफ सफाई शायद रास नहीं आ रही है और वे अपने निजी स्वार्थ और अपने प्रचार के लिये प्राइवेट भवनों से लेकर सरकारी भवनों तथा ऐतिहासिक स्मारकों पर पोस्टर और पैम्फलेट्स चिपका कर गंदगी फैलाने पर आमादा हैं। ऐतिहासिक स्मारक चंदकुआ पर स्थापित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का पूरा घेरा ही पोस्टरों से भर दिया गया है जिससे उसकी शोभा प्रभावित हो रही है। ईओ नपा बुद्घिप्रकाश का कहना है कि सभी स्थानों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और जिन लोगों ने पोस्टर चिपकाये हैं उन्हें हटाने के लिये नोटिस दिये जा रहे हैं। इसके बाद भी अगर वे अपने प्रचार नहीं हटाते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर लिखाई जायेगी।





Leave a comment