कोंच=उरई । बुधवार की रात्रि राम बारात का भव्य आयोजन किया गया। बैंड बाजों के साथ रामलीला भवन से उठी बारात नगर के वर्तन बाजार से मुख्य राजमार्ग पर पहुंची और चंदकुआ से होती हुई आजादनगर स्थित जनकपुर पहुंची जहां बारातियों की खूब आव भगत हुई। इससे पूर्व रामभवन पर चारों भाइयों की आरती उतारी गई, रामलीला संचालन करने बाली मातृ संस्था श्री धर्मादा रक्षिणी सभा, रामलीला समिति तथा सीनरी विभाग के पदाधिकारियों तथा कोंच में रामलीला के अधिष्ठाता मन्नूलाल गौड़ के वंशज अतुल चतुर्वेदी ने भगवान की आरती उतारी। बारात में डीजे और बाजों की धुनों पर युवा खूब थिरके, शोभायात्रा मार्ग में अट्टालिकाओं पर लगी महिलाओं की कतारें चारों भाइयों की एक झलक पाने को आतुर रहीं और जैसे ही उनके घरों के आगे से बारात गुजरी, उन्होंने भगवान के सजीव श्रीविग्रहों पर पुष्प और अक्षत बर्षा की।

रामलीला के जारी 166वें महोत्सव में रात्रि ठीक नौ बजे मानिक चौक स्थित रामलीला भवन पर सर्व प्रथम गजानन की आरती सीनरी विभाग के पवन अग्रवाल द्वारा की गई, तत्पश्चात् परंपरानुसार गुरु बशिष्ठ के रूप में पं. अतुलकुमार चतुर्वेदी ने चारों श्रीविग्रहों राम, लक्ष्मण, भरत और रिपुदमन की आरती उतारी और उन्हें हाथी पर सवार कराया। इसके बाद शुरू हुई बारात जिसमें सबसे आगे भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, भगवान शंकर, राजा दशरथ सहित तमाम देवी-देवताओं की झांकियां चल रही थीं। बैंड बाजों और डीजे की धुनों पर युवाओं के पैर थिरक रहे थे। सबसे पीछे हाथी पर सवार चारों भाइयों की मनोहर झांकी शोभायमान थी, पं. अतुल चतुर्वेदी उन्हें चंवर डुला रहे थे और समय समय पर उनकी नजर भी उतार रहे थे। उनके आगे दर्जन भर झालरों की समवेत् ध्वनि वातावरण में आनंद भर रही थी। पुरानी पसरट, वर्तन बाजार, होकर बारात चंदकुआ पहुंची। रास्ते में पडऩे बाले घरों की अटारियों पर महिलाओं के हजूम भगवान के सजीव श्रीविग्रहों का दर्शन करने के लिये जुटे थे और जब बारात वहां से गुजरी तो उन पर पुष्प और अक्षत बर्षा की। द्वारे द्वारे भगवान का तिलक किया गया और आरती उतारी गई। चंदकुआ से मुख्य राजमार्ग होकर बारात स्टेट बैंक, सेंवढा कुआ, सरांय, बजरिया पावर हाउस होकर आजाद नगर स्थित जनकपुर पहुंची जहां सुधीर चोपड़ा और उनके परिजनों तथा मोहल्लेवासियों ने बारात की अगवानी कर उसकी आव भगत की। जनाती पक्ष की महिलाओं ने विवाहोचित नेग किये और गारियां भी खूब गवीं। बारात में रामलीला संचालन करने बाली मातृ संस्था श्री धर्मादा रक्षिणी सभा के अध्यक्ष गंगाचरण वाजपेयी, मंत्री मिथलेश गुप्ता, रामलीला समिति के अध्यक्ष राजीव पटेल, मंत्री प्रतीक मिश्रा, दिनेश खिल्ली, केशव बबेले, नवनीत गुप्ता, मोहनदास नगाइच, रमेश तिवारी, संजय सोनी, राममोहन रिछारिया, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र वेदी, अभिनय विभाग के अध्यक्ष पुरुषोत्तमदास रिछारिया, मंत्री नरोत्तम स्वर्णकार, जयप्रकाश मुखिया, दीपू अग्रवाल, राजू मिश्रा, कैलाश नगाइच, बसंत अग्रवाल, ऋषि झा, पवन लोहिया, अंशुल मिश्रा, सुशील दूरवार मिरकू, सूर्यदीप सोनी, अतुल शर्मा, साकेत सोनी, राजकुमार अग्रवाल, साकेत पटैरया, राजू गुप्ता, संजय सिंघाल, विनय अग्रवाल, हरीश तिवारी, गगन झा, महेश लौना सहित हजारों लोग शामिल रहे। पुलिस भी सुरक्षा में साथ रही।

 

Leave a comment