उरई । कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादी  हमले में 40 से ज्यादा सी आर पी एफ़ जवानों को शहीद किए जाने की घटना से पूरा देश स्तब्ध है,जिसको लेकर हर जगह आतंकवादियों के खिलाफ आक्रोश और बदला लेने की आवाज है।

इसी क्रम में बुंदेलखंड के जालौन जनपद के माधौगढ़ कस्बे में शनिवार को  स्कूली बच्चों ने गांधी चबूतरे पर मोमबत्ती जलाकर शहीदों को मौन धारण करके  \श्रद्धांजलि दी तो वहीं पॉलिटेक्निक के छात्रों ने नंगे पैर पैदल कैंडिल मार्च निकाला। लेकिन शहीदों की कुर्बानियों पर गमगीन माहौल को कुछ अराजकतत्वों ने शर्मसार  भी किया। ऋषभ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने गांधी चबूतरे पर शहीदों की शहादत पर कैंडिल जलाकर उन्हें याद किया और दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी। वहीं पालीटेक्निक कालेज के छात्र-छात्राओं ने नंगे पैर 3 किलोमीटर कैंडिल मार्च निकाला। सभी जगह शहीदों को अश्रुपूरित आंखों से याद किया गया लेकिन अराजकतत्वों ने मौके की नजाकत की परवाह न करते हुए शर्मसार करने वाली हरकतों को अंजाम दे डाला । इसके तहत  बाजार में बाजार बंद कराने के नाम पर दुकानदारों के साथ जमकर  की गई । लाठी-डंडे लेकर उपद्रव करने में भी गुरेज नहीं किया गया । कई दुकानदारों से उपद्रवियों की झड़प भी हुई। पुलिस के सामने भी उनका तांडव जारी रहा । देश भक्ति की आड़ में यह उच्छ्रंखलता लोगों को बहुत नागवार गुजरी ।

दरअसल शहीदों की याद में दोपहर तक दुकानदारों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखा था हालांकि इसके लिए कोई औपचारिक आव्ह्वान नहीं किया था  इसलिये दोपहर बाद जब कुछ दुकानदारों ने बाजार खोल लिया तो कुछ लोगों  ने ज्यादा जोश दिखाने के लिए जबरन दुकाने  बंद कराने की कोशिश शुरू कर दी जिससे माहौल खराब हो गया । अराजकता और गुंडागर्दी की हद तब हुई जब बजरिया में बंद दुकानों में भी तोड़-फोड़ करने की कोशिश की गई ।

Leave a comment