ड्यूटी पर तैनात वार्डब्वाय ने फांसी लगाकर दी थी जान
पुत्र की तहरीर पर हुआ मामला दर्ज
जालौन। लगभग एक सप्ताह पूर्व पीएचसी छिरिया सलेमपुर में ड्यूटी पर तैनात वार्डब्वाय द्वारा शौचालय में लुंगी से लटककर जान देने के मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने डाक्टर, फार्मेसिस्ट व क्लर्क के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास निवासी विद्यासागर गुबरेले पुत्र रामेश्वर पीएचसी छिरिया सलेमपुर में वार्डब्वाय के पद पर तैनात थे। 26-27 मार्च की रात उनकी ड्यूटी अस्पताल में ही लगी थी। उन्होंने रात में चैकीदार को भी घर भेज दिया था। इसके बाद रात में किसी समय उन्होंने शौचालय में लगी खूंटी पर लुंगी को बांधकर खुदकुशी कर ली थी। सुबह जब सफाई कर्मचारी वहां पहुंचे तो उन्होंने विद्यासागर के शव को देखा तो हडक़ंप मच गया। उक्त मामले में मृतक के पुत्र शिवांक गुबरेले ने पुलिस को तहरीर दी थी कि अस्पातल में तैनात चिकित्साधिकारी डा. आरके राजपूत, फार्मेसिस्ट जसराज सिंह राजपूत व क्लर्क अरविंद उनके पिता को ड्यूटी पर रहते हुए अनुपस्थित दिखाने की धमकी देते थे। 25 मार्च को डा. आरके राजपूत ने उनके पिता की ड्यूटी चौबीस घ्ंाटे के लिए अस्तपाल में लगा दी। इसी दिन उन्होंने एक पत्र के माध्यम से उन्हें ड्यूटी पर अनुपस्थित दिखाकर अप्रैल माह का वेतन रोकने और नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी दी थी जिससे वह अवसाद में आ गए। उन्होंने उसी रात घर पर फोन भी किया था जिसमें उन्होंने उक्त बात बताई थी और वह काफी घबराए हुए भी थे। इसके बाद रात में ही उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उक्त संदर्भ में कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।







Leave a comment