आटा। फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेतों में लगाए गए तारों में बिजली का करेंट छोड़ा गया था जिसकी चपेट में आकर ग्राम परासन से भंडारा का प्रसाद खाकर लौट रहे ग्रामीण के आने से उसकी मौत हो गई।मंगलवार को आटा थाना क्षेत्र के ग्राम परासन में विशाल भंडारे का आयोजन था जिसमें देर रात को मजरा भडऱाडेरा निवासी कृपाल (45 वर्ष) पुत्र कासिया भी भंडारा का प्रसाद खाकर देर रात को खेतों के रास्ते अपने घर लौट रहा था तभी एक खेत पर जानवरों से फसल बचाने के लिए लगे तारों में करेंट दौड़ रहा था। उन्हीं तारों में कृपाल का पैर छू गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बुधवार की सुबह जब कुछ किसान अपने खेत की ओर गए तो उन्होंने कृपाल के शव को जमीन पर पड़ा देखा। इससे उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। खबर पाकर मौके पर परिजन आ गए और रोने पीटने लगे। सूचना मिलते ही इटौरा चौकी पुलिस भी पहुंच गई जिसने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि जिस खेत में शव मिला वह वीरबहादुर का है जिसे लालाराम ने बटाई पर लिया था और उसमें जो फसल बोई थी उसे बचाने के लिए उसने खेत पर तार लगा दिए थे और तारों का कनेक्शन बिजली लाइन से जोड़ दिया था जिसकी वजह से उसमें रात भर करेंट दौड़ता रहता था।






Leave a comment