उरई।
स्वराज पार्टी की जिला इकाई ने केन्द्र सरकार पर महिला पहलवानों के साथ यौन दुव्र्यवहार करने वाले सत्तारूढ पार्टी के दबंग सांसद को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए इस रवैये पर तीखा आक्रोश जाहिर किया है। बघौरा स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों की आकस्मिक बैठक में जिलाध्यक्ष पंकज सहाय ने उक्त मामले में सरकार और दिल्ली पुलिस के रवैये को अत्यंत शर्मनाक करार दिया और कहा कि हर भारतीय को इसके लिए सरकार की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 06 महीने से महिला पहलवान न्याय के लिए दरबदर भटक रही है। नारी सशक्तिकरण की बात करने वाले प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने उनके लिए व्यवहारिक स्तर पर जो उपेक्षा और निष्ठुरता जतायी है उसे इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के सरकार के सारे दावे खोखले साबित हुए हैं। आज पुलिस द्वारा देश की राजधानी में जंतर मंतर से महिला पहलवानों को जबरन हटाकर अलोकतांत्रिक कार्यशैली का परिचय दिया गया है। इससे सरकार की दमनकारी नीति उजागर हुयी है।
जिला कोषाध्यक्ष दयाकुमार जाटव ने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार मद में चूर है और राजनैतिक लाभ के लिए हर मर्यादा, मूल्य को ताक पर रख रही है। जिला महामंत्री प्रेम नारायण अहिरवार ने कहा कि उनकी पार्टी महिला पहलवानों के संघर्ष में पूरी तरह उनका साथ देगी। बैठक में प्रमुख रूप से मोनू याज्ञिक, धर्मेन्द्र कुमार, रूप कुमार, मोहित आदि मौजूद रहे

Leave a comment