पचनद बांध का सपना मूर्त रूप लेकर जिले की दहलीज तक पहुंचा, मुख्यमंत्री ने की घोषणा


उरई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन जिले को शीघ्र बहुप्रतीक्षित पचनद प्रोजेक्ट की सौगात देने का ऐलान कर दिया है। शहर के इंदिरा स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की दुंदभी अभी से बजाने का संकेत देते हुए कहा कि आज यहां उन्होंने 1900 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है जिसका श्रेय स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मेहनत को है जिन्होंने लगातार उनके सामने इसके लिए पैरवी की। आप लोगों को इसे ध्यान में रखना चाहिए और अगले चुनाव में इन जनप्रतिनिधियों का भरपूर समर्थन करना चाहिए।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के साथ झांसी में आयोजित कार्यक्रम से फारिग होने के बाद हैलीकॉप्टर से यहां आये योगी सपा पर जमकर बरसे। योगी की सभा 2 बजकर 15 मिनट पर प्रस्तावित थी जो लगभग डेढ़ घंटे विलंब से शुरू हो पाई। योगी ने सपा के शासनकाल में सभी वर्गों के साथ ज्यादतियां होने का आरोप लगाते हुए उस पर जमकर प्रहार किये। उन्होंने कहा कि वह सपा ही थी जिसने 2012 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के स्मारक तुड़वाये। खास तौर से दलित महापुरुषों के स्मारकों को उसने निशाना बनाया और आज उसके नेता सामाजिक न्याय के पैरोकार बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सपा पर सबसे गंभीर आरोप प्रदेश को जातीय संघर्ष की आग में झोंकने के लिए प्रयत्नशील होने का जड़ा। उन्होंने कहा कि लोगों को जातिवादी मानसिकता के लोगों के चक्कर में न पड़ने की सीख लेनी होगी।
दीपावली के आने वाले त्योहार का सामयिक संदर्भ लेते हुए योगी बोले कि सपा की सरकार में हिंदुओं के त्योहार, पर्वों का उत्साह मटियामेट करने के लिए सरकार के संरक्षण में दंगाई तैयार रहते थे। उन्होंने सोचा था कि वर्तमान सरकार में भी ऐसा करें लेकिन डबल इंजन सरकार ने बता दिया कि अब अपनी हिमाकत का नतीजा उन्हें किस तरह भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने सुनिश्चित किया है कि त्योहार, पर्वो को लोग पूरी श्रद्धा और उमंग के साथ मना सकें। रंग में भंग की सोचने वाले दंगाईयों की अब खैर नही है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा को संतों की परंपरा में साम्प्रदायिकता दिखाई देती है। उन्होंने महिलाओं के जज्बातों को खासतौर से छेड़ा। कहा कि सपा के नेता लड़कियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ होने पर यह कहते हुए संकोच नही करते थे कि लड़के हैं, लड़कों से गलती हो जाती है। लेकिन आज बहन-बेटियों को गलत निगाह से देखने वालों के लिए सरकार जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है। अगर किसी ने बहन-बेटी के साथ शरारत की जुर्रत की तो उसे पता है कि अगले चौराहे पर यमराज के दूत उसका इंतजार कर रहे होगें।
पचनद बांध प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा में पचनद क्षेत्र को पांच नदियों के संगम का अनोखा प्राकृतिक स्थल बताते हुए कहा कि आध्यात्मिक, पौराणिक स्थल होने के साथ-साथ इस क्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व भी है। उन्होंने इस अवसर पर स्पष्ट कर दिया कि पचनद बांध प्रोजेक्ट को इटावा की बजाय जालौन में ही मूर्त किया जायेगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर उपस्थित जनसमूह ने भारी हर्षनांद किया। अब यह तय हो गया है कि पचनद बांध के कार्य की जल्द ही शुरूआत हो जायेगी।
मीडिया दीर्घा में रही अफरा-तफरी
प्रशासन ने मुख्यमंत्री की सभा की कवरेज के लिए पूरी दरियादिली से पास बांटे थे। ऐरे-गैरे-नत्थूखैरे तक कृतार्थ किये गये लेकिन जब पत्रकार अंदर पहुंचे तो मीडिया दीर्घा के नाम पर धोखाधड़ी सामने थी। मीडिया की सभी कुर्सियों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पहले से ही कब्जा जमा चुके थे। मीडिया कर्मियों को खड़े-खड़े कवरेज करना पड़ा और जमकर धक्का-मुक्की झेलनी पड़ी। अधिकारियों से कहा लेकिन किसी ने उनकी मदद नही की। कार्यक्रम प्रशासन का बताया गया था इसलिए भाजपा के संगठन ने भी व्यवस्था बनाने में कोई योगदान नही दिया। मंच से उद्घोषिका मीडिया गैलरी में खड़ी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए चिल्लाती रहीं लेकिन उनकी अपील का भी न अधिकारियों पर असर हुआ न पुलिस पर।

Leave a comment

I'm Emily

Welcome to Nook, my cozy corner of the internet dedicated to all things homemade and delightful. Here, I invite you to join me on a journey of creativity, craftsmanship, and all things handmade with a touch of love. Let's get crafty!

Let's connect

Recent posts