कुएं में गिरने से किशोरी की दर्दनाक मौत, कुठौंदा गांव में पसरा मातम

उरई | जालौन जनपद के कुठौंदा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पानी भरने गई किशोरी की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कुठौंदा निवासी अवधेश की पुत्री प्राची उर्फ प्रिंसी सुबह गांव स्थित मंदिर के पास बने कुएं से पानी भरने गई थी। पानी भरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह असंतुलित होकर सीधे गहरे कुएं में जा गिरी। कुएं में डूबने से किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को कुएं से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a comment

Recent posts