उरई। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में 20 मई 2026 को जनपद में परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाली स्लीपर बसों पर सख्त कार्रवाई की।
जांच के दौरान दो स्लीपर बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई, जबकि दो अन्य स्लीपर बसों को निरुद्ध करते हुए संकटमोचन मंडी चौकी कालपी रोड उरई में खड़ा कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि परमिट नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
इसके अलावा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार एवं वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न स्थानों—जोल्हूपुर मोड़, गोबिंदम तिराहा एवं मेडिकल तिराहा—पर यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान हेलमेट का प्रयोग न करने पर 128, सीट बेल्ट न लगाने पर 108, रांग साइड ड्राइविंग करने पर 39, नो पार्किंग के उल्लंघन में 20 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 4 वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






Leave a comment