उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अद्यतन तथा डीबीटी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि “फैमिली आईडी-एक परिवार एक पहचान” योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों का आधार प्रमाणीकरण तेजी से पूर्ण कराया जाए। साथ ही योजनाओं से वंचित परिवारों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आधार सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के बायोमेट्रिक अद्यतन (एमबीयू) कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन में तेजी लाने तथा राज्य पोर्टल पर लंबित सत्यापनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य के लिए विभिन्न विभागों को आवंटित किट्स की उपलब्धता और सक्रियता की भी समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि सभी सक्रिय किट्स का पूर्ण उपयोग करते हुए आमजन को अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि आधार सेवाओं से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए ताकि जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में केके सिंह, रामेन्द्र सिंह, निशान्त पांडेय, एसके यत्तम, नीरज चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a comment