जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, दिव्यांग युवक को स्वरोजगार दिलाने के दिए निर्देश

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में राजस्व, आवास, पेंशन, रोजगार, विद्युत, पेयजल, सड़क, नगर निकाय तथा सामाजिक कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान काशीराम कॉलोनी निवासी दिव्यांग युवक करन ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की। युवक ने बताया कि वह रोजगार कर अपने परिवार का सहारा बनना चाहता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित किया कि युवक का प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत आवेदन कराया जाए तथा ऋण स्वीकृति होने तक निरंतर फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवक को शीघ्र स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए उसका पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a comment